दुनिया के सबसे ज्यादा कमोडिटी खपत वाले देश चीन ने अपनी मुख्य ब्याज दरों में रिकॉर्ड मात्रा में कटौती की है। चीन ने यह कदम कोरोना के सबसे ताजे आउटब्रेक के दौरान देश की इकोनॉमी को पड़ी भारी मार से उबरने के लिए उठाया है। इस खबर के साथ ही भारत के तमाम कमोडिटी उत्पादक कंपनियों के शेयरो में जोरदार तेजी देखने को मिली है। JSW Steel,Hindustan Copper,Tata Steel, Vedanta,National Aluminum Company,SAIL और Hindalco Industries के शेयरों में आज सुबह के कारोबार में 2-7 फीसदी की तेजी देखने को मिली है।
बता दें कि चीन के सेंट्रल बैंक ने कोरोना की ताजी लहर की मार से जूझ रही देश की घरेलू इकोनॉमी को राहत देने के लिए अपने 5 ईयर प्राइम रेट में 15 बेसिस प्वाइंट की कटौती करके इसको 4.45 फीसदी कर दिया है।
चीन के सबसे बड़े औद्योगिक केद्र और दुनिया के सबसे बड़े पोर्ट में से एक शंघाई में हाल के दिनों में एक भी कोविड -19 के मामले नहीं मिले हैं। जिससे इस बात के संकेत मिलते हैं कि जल्द ही यहां लॉकडाउन के नियमों मे छूट दी जा सकती है और औद्योगिक और खपत की गतिविधियां सामान्य स्थिति पर लौटती नजर आ सकती है।
कंस्ट्रक्शन सेक्टर के लिए और राहत उपाय की उम्मीद में चीन में कई मेटल कंपनियों के फ्यूचर में 3-4 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है। जानकारों का मानना है कि कंस्ट्रक्शन सेक्टर में गतिविधि तेज होने से कमोडिटी की खपत में बढ़त होगी और कमोडिटी की खपत में बढ़ोतरी से भारतीय कमोडिटी प्रड्यूसर JSW Steel, Hindustan Copper, Tata Steel, Vedanta जैसे कंपनियों को फायदा होगा।
गौरतलब है कि ग्लोबल ग्रोथ से जुड़ी चिंता के कारण हाल के दिनों में देश में तमाम मेटल कंपनियों के शेयर में गिरावट देखने को मिली थी। चीन से आई इस खबर के बाद अब मेटल शेयरों में अच्छी शॉर्ट कवरिंग देखने को मिल रही है।
बाजार जानकारों का कहना है कि चाइना में स्टील, कॉपर, जिंक जैसे कमोडिटीज की मांग बढ़ने से भारतीय कंपनियों को चाइना से होने वाला एक्सपोर्ट बढ़ेगा। पिछले 2 सालों के दौरान भारतीय कंपनियों के एक्सपोर्ट वॉल्यूम में बढ़ोतरी देखने को मिली है जबकि घरेलू वॉल्यूम ग्रोथ में सुस्ती देखने को मिली है।
मेटल शेयरों की चाल पर नजर डाले तो 11 बजे सुबह के आसपास निफ्टी मेटल इंडेक्स 3.3 फीसदी की बढ़त के साथ 5,649.7 अंक पर नजर आ रहा था।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सार्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)