टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने आज यानी शनिवार 23 अप्रैल को अपने यात्री वाहनों (passenger vehicles (PVs) की कीमतों को तत्काल प्रभाव से बढ़ा दिया है। गाडियां बनाने में लगने वाली इनपुट लागत में हुई वृद्धि को आंशिक रूप से ऑफसेट करने के लिए कीमतें बढाई गई हैं। मारुति सुजुकी इंडिया (Maruti Suzuki India) के बाद एक सप्ताह से भी कम समय में कीमतें बढ़ाने वाली टाटा मोटर्स दूसरी कंपनी है।
मुंबई स्थित ये ऑटोमेकर कंपनी घरेलू बाजार में टियागो (Tiago), पंच (Punch)और हैरियर (Harrier) जैसे विभिन्न मॉडल बेचती है।
CNBC-TV18 ने बताया कि टाटा मोटर्स के वैरिएंट और मॉडल के आधार पर ये वृद्धि 1.1 प्रतिशत होगी। एक महीने से भी कम समय में कंपनी द्वारा की गई यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 22 मार्च को टाटा मोटर्स ने घोषणा की थी वह 1 अप्रैल से अपने वाणिज्यिक वाहन (commercial vehicle (CVs) की कीमतों में 2-2.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी करेगी। कंपनी ने कहा था कि ये बढ़ोत्तरी भी मॉडल और वैरिएंट के आधार पर होगी।
भारत के सबसे बड़े वाणिज्यिक वाहन निर्माता ने स्टील, एल्युमीनियम और अन्य कीमती धातुओं जैसी वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि के अलावा अन्य कच्चे माल की की बढ़ी हुई के कारण गाड़ियों के दाम में वृद्धि की है।
कंपनी के बयान में कहा गया है, "हालांकि कंपनी ने मैन्युफैक्चरिंग के विभिन्न स्तरों पर बढ़ी हुई लागत के एक महत्वपूर्ण हिस्से को घटाने के लिए कार्रवाई शुरू की है। फिर भी कुल इनपुट लागत में तेज वृद्धि ने इसका कुछ भार मामूली रूप से ग्राहकों के कंधे पर डालना अनिवार्य बना दिया है।"
देश की शीर्ष कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने 18 अप्रैल को अपने सभी मॉडलों (एक्स-शोरूम दिल्ली) की कीमतों में औसतन 1.3 प्रतिशत की वृद्धि की।