HUL Share Price: देश में FMCG सेक्टर की सबसे बड़ी कंपनी हिंदुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड (HUL) के लिए चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही अप्रैल-जून अनुमान से कमजोर रही। जून तिमाही में कंपनी का स्टैंडएलोन प्रॉफिट सालाना आधार पर 7.9 फीसदी बढ़कर 2472 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि तिमाही आधार पर इसमें 10 फीसदी की गिरावट आई। हालांकि कंपनी के सीईओ और एमडी रोहित जावा ग्रोथ को लेकर पॉजिटिव दिख रहे हैं और उनका मानना है कि एफएमसीजी मार्केट धीरे-धीरे रिकवर हो रहा है।
ऐसे में घरेलू ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने इसकी खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है और इसके टारगेट के हिसाब से एचयूएल के शेयर मौजूदा लेवल से 19 फीसदी उछल सकते हैं। एचयूएल के शेयर शुक्रवार को बीएसई पर 3.65 फीसदी की गिरावट के साथ 2603.80 रुपए (HUL Share Price) पर बंद हुए।
ब्रोकरेज को क्यों है HUL पर भरोसा
ब्रोकरेज फर्म मोतीताल ओसवाल के मुताबिक हिंदुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड के लिए जून तिमाही उसकी उम्मीद से कम ही रही। जून तिमाही में ब्रोकरेज ने 7 फीसदी की वॉल्यूम ग्रोथ का अनुमान लगाया था लेकिन महंगाई की मार के चलते सालाना आधार पर 3 फीसदी की ही वॉल्यूम ग्रोथ रही। जून तिमाही में गांवों में कंपनी की बिक्री अच्छी रही और आगे भी यह रुझान बने रहने के आसार हैं लेकिन मौसम पर नजर बनाए रखने की जरूरत है।
वॉल्यूम में रिकवरी और इसे कोरोना से पहले के लेवल पर लाने के लिए विज्ञापनों और प्रमोशन पर खर्च पटरी पर यानी सेल्स के 9.8 फीसदी पर ला रही है। कमोडिटी की कम होती लागत और गांवों में सुधरती मांग के चलते ब्रोकरेज इसमें निवेश को लेकर पॉजिटिव है। ऐसे में इसे 3100 रुपये के टारगेट प्राइस पर खरीदारी की रेटिंग बरकरार रखी है।
दो हफ्ते में 6% फिसले हैं शेयर
एचयूएल के शेयर 15 मार्च 2023 को एक साल के निचले स्तर 2393 रुपये पर थे। इसके बाद चार महीने में ही यह 16 फीसदी उछलकर एक साल के हाई 2768.50 रुपये पर पहुंच गए। हालांकि फिर शेयरों की तेजी थम गई और इस हाई लेवल से अब तक यह करीब 6 फीसदी फिसल चुका है। हालांकि एक्सपर्ट्स के मुताबिक इस लेवल से अभी यह 19 फीसदी ऊपर चढ़ सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।