देश की सबसे बड़ी एफएमसीजी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) ने अपने टॉप लीडरशिप को लेकर एक अहम फैसला किया है। HUL ने बताया कि उसके बोर्ड ने रोहित जवा को कंपनी का अगला मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ नियुक्त करने की मंजूरी दी है। वह संजीव मेहता की जगह लेंगे, जो करीब 10 सालों तक HUL की अगुआई करने के बाद आगामी जून में रिटायर हो रहे हैं। संजीव मेहता के कार्यकाल में HUL के शेयरों की कीमत 300 प्रतिशत से अधिक बढ़ी है। मेहता ने अक्टूबर 2013 में सीईओ पद की जिम्मेदारी संभाली थी।
उस वक्त HUL के शेयर करीब 600 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे, जो आज 10 मार्च 2023 को बढ़कर 2,461 रुपये के भाव पर पहुंच गए। कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन इस दौरान 1.3 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 5.78 लाख करोड़ रुपये हो गया।
'डायल अप द बिग क्यू' और 'विनिंग इन मैनी इंडियाज' जैसी कंपनी की कई पहलों के पीछे उनका ही दिमाग था। साथ ही उन्होंने ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने के इरादे से डेटा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया था।
उनकी लीडरशिप में कंपनी का रेवेन्यू दोगुना होकर वित्त वर्ष 2023 में 51,548 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो वित्त वर्ष 2013 में 24,167 करोड़ रुपये था। कंपनी का शुद्ध मुनाफा भी 3,839 करोड़ रुपये से दोगुना बढ़कर 8,887 करोड़ रुपये हो गया। इस बीच, इसका ऑपरेटिंग मार्जिन 19-20 प्रतिशत से बढ़कर 25 प्रतिशत हो गया।
संजीव मेहता के कार्यकाल में HUL के शेयरों का प्रदर्शन कैसा रहा, इसे आप नीचे दिए गए चार्ट में देख सकते हैं-
संजीव मेहता की अगुआई में ही, साल 2022 में HUL का टर्नओवर पहली बार 50,000 करोड़ रुपये को पार किया था, जो इसके लिए एक नई उपलब्धि थी।
सिर्फ बिजनेस ट्रांसफॉर्मेशन ही नहीं, मेहता का फोकस सोशल ट्रांसफॉर्मेशन पर भी था। हिंदुस्तान यूनिलीवर फाउंडेशन और प्रोजेक्ट शक्ति जैसे विभिन्न कार्यक्रमों ने उनके मार्गदर्शन में नई ऊंचाइयों को छुआ। साल 2016 में, HUL ने मुंबई के आजाद नगर में सुविधा' नाम से अपनी तरह का पहला शहरी जल और स्वच्छता सामुदायिक केंद्र का उद्घाटन किया।
जब HUL ने जीएसके (GSK) का अधिग्रहण पूरा किया तो मेहता ने कहा था, "हमारे देश में कुपोषण, मोटापा और सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी की चुनौतियों को दूर करने में मदद करने के लिए हमारी क्षमताओं को जोड़ना और हमारे सामाजिक प्रभाव को व्यापक बनाने की दिशा में काम करना एक विशेषाधिकार है।"
उनके कार्यकाल के दौरान HUL ने 'मॉडर्न' ब्रांड नाम के तहत अपने ब्रेड और बेकरी बिजनेस को निमन फूड्स को बेचा और उसका ट्रांसफर पूरा किया। इसके अलावा कंपनी ने हाल ही में अपने नमक और आटा कारोबार से निकलने का ऐलान किया और उसे उमा ग्लोबल फूड्स को बेचा गया।