ICICI Bank Stock Price: प्राइवेट सेक्टर के ICICI Bank के शेयर में आगे चलकर लगभग 17 प्रतिशत की तेजी आ सकती है। यह उम्मीद ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने जताई है। ब्रोकरेज ने ICICI Bank के शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग के साथ 1550 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। यह शेयर के बीएसई पर बंद भाव से लगभग 17% ज्यादा है। ब्रोकरेज का कहना है कि बैंक की लोन ग्रोथ अच्छी है और इसका फोकस प्रॉफिटेबल ग्रोथ पर है।
ICICI Bank का शेयर, प्राइवेट बैंकों में मोतीलाल ओसवाल का टॉप पिक है। ब्रोकरेज का मानना है कि बैंक ने इंडस्ट्री में लीडिंग रिटर्न रेशियो के साथ हेल्दी लोन ग्रोथ और मजबूत एसेट क्वालिटी देखी है। मोतीलाल ओसवाल ने 12 दिसंबर को अपने नोट में कहा, "हमारा अनुमान है कि संभावित दर कटौती और फंड की बढ़ती लागत के कारण निकट अवधि में मार्जिन दबाव में रहेगा। लेकिन बैंक का ऑपरेटिंग लीवरेज, आय वृद्धि के प्रमुख ड्राइवर के रूप में उभर रहा है। मजबूत डिपॉजिट इनफ्लो और अनुकूल CD रेशियो के साथ ICICI Bank प्रॉफिटेबल ग्रोथ के लिए अच्छी स्थिति में है।"
बैंक को मार्जिन मोटे तौर पर स्थिर रहने की उम्मीद
मोतीलाल ओसवाल ने कहा कि बैंक को उम्मीद है कि मार्जिन मोटे तौर पर स्थिर रहेगा, लेकिन रेट साइकिल में बदलाव से मार्जिन को नुकसान होगा। इसकी वजह है कि लोन बुक का करीब 51% हिस्सा रेपो से जुड़ा हुआ है। मोतीलाल ओसवाल का अनुमान है कि वित्त वर्ष 26E के दौरान मार्जिन में करीब 20 bps की कमी आएगी और यह 4.2% हो जाएगा। मोतीलाल ओसवाल को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 25-27E के दौरान बैंक का शुद्ध मुनाफा 12% CAGR से बढ़ेगा। इसके चलते वित्त वर्ष 2027 में RoA/RoE 2.1%/16.7% हो जाएगा।
एसेट क्वालिटी में सुधार में महत्वपूर्ण प्रगति
ICICI Bank ने अपनी एसेट क्वालिटी में सुधार करने में महत्वपूर्ण प्रगति की है और अब लोन्स के 1% पर आकस्मिक प्रावधानों के साथ लगभग 79% का बेस्ट-इन-क्लास PCR (Provisioning Coverage Ratio) मेंटेन किए हुए है। इससे बैंक के क्रेडिट कॉस्ट आउटलुक में सुधार हो रहा है। बैंक अब रिटेल और कमर्शियल बैंकिंग में कारोबार बढ़ाने के लिए टेक्नोलॉजी का फायदा उठाने पर फोकस कर रहा है, जिसका लक्ष्य प्रोडक्टिविटी में सुधार लाना है।
12 दिसंबर को ICICI Bank का शेयर हरे निशान में लेकिन लगभग फ्लैट लेवल पर 1328.95 रुपये पर है। बीएसई के मुताबिक, बैंक का मार्केट कैप 9.38 लाख करोड़ रुपये हो गया है। एक साल में शेयर की कीमत 31 प्रतिशत मजबूत हुई है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।