IGL, MGL, Gujarat Gas Stocks: सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के शेयरों में मंगलवार 24 दिसंबर को शानदार तेजी देखने को मिली। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL), महानगर गैस लिमिटेड (MGL) और गुजरात गैस लिमिटेड के शेयर शुरुआती कारोबार में 4 फीसदी तक उछल गए। इन कंपनियों के शेयर पिछले 2 महीनो से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। नवंबर में केंद्र सरकार ने लगातार दूसरे महीने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के 'एडमिनिस्टर्ड प्राइस मैकेनिज्म (APM)' आवंटन में 20% की कटौती की। इस कदम से इन कंपनियों को पुराने गैस फील्ड्स से कम भाव पर मिलने वाली नैचुरल गैस की सप्लाई में कमी आई, जिसके चलते उन्हें दूसरे और अधिक महंगे विकल्पों की ओर रुख करा। इन महंगे विकल्पों में नए गैस फील्ड या स्पॉट LNG शामिल हैं।
इस ऐलान से शुरू में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन शेयरों में तेज गिरावट आई, जिसके कारण शेयर अपने 52-सप्ताह के उच्चतम स्तर से 40% से अधिक गिर गए। हालांकि, इन शेयरों ने तब से जोरदार रिकवरी की है। पिछले एक महीने में IGL के शेयरों में 24% की तेजी आई है, जबकि MGL और गुजरात गैस में क्रमशः 6% और 10% की बढ़ोतरी आई है।
नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के अनुसार, बाजार इस समय नैचुरल गैस को GST के दायरे में लाए जाने की संभावना पर दांव लगा रहा है, जिसके चलते इन शेयरों को ऊपर जाने में मदद मिली है। हालांकि इन कंपनियों के मुनाफे में गिरावट की आशंका बनी हुई है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी के फंडामेंटल मौजूदा तेजी का सपोर्ट नहीं कर रहे हैं और ऐसा लगता है निवेशक मुनाफे में गिरावट की आशंका को नजरअंदाज कर रहे हैं।
फिलहाल नैचुरल गैस, GST के दायरे में नहीं आती है और इसकी जगह विभिन्न राज्य सरकारें इस पर वैल्यू एडेड टैक्स (VAT), सेंट्रल सेल्स टैक्स और सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी के जरिए टैक्स लगाया जाता है।
सुबह 11.30 बजे के करीब, इंद्रप्रस्थ गैस के शेयर 2.7 फीसदी की तेजी के साथ 400.5 रुपये पर, गुजरात गैस के शेयर 2.1 फीसदी की तेजी के साथ 509.15 रुपये पर और महानगर गैस के शेयर 2.8 फीसदी की तेजी के साथ 1,260 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।