भारत एक बार फिर हॉन्गकॉन्ग को पीछे छोड़कर दुनिया का चौथा सबसे बड़ा शेयर बाजार यानी इक्विटी मार्केट बन गया है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में सूचीबद्ध सभी कंपनियों की कुल मार्केट वैल्यू शुक्रवार 14 जून को हॉन्गकॉन्ग के स्टॉक मार्केट से अधिक हो गई। ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के अनुसार, BSE में सूचीबद्ध सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन फिलहाल 5.18 ट्रिलियन डॉलर है, जबकि हॉन्गकॉन्ग का मार्केट कैपिटलाइजेशन 5.17 ट्रिलियन डॉलर है। इस समय अमेरिका 56.49 ट्रिलियन डॉलर के मार्केट कैपिटलाइजेशन के साथ दुनिया का सबसे बड़ा शेयर बाजार है। इसके बाद चीन 8.84 ट्रिलियन डॉलर के मार्केट कैपिटलाइजेशन के साथ दूसरे और जापान 6.30 ट्रिलियन डॉलर के मार्केट कैपिटलाइजेशन के साथ तीसरे स्थान पर है।
