MRF Share Price: स्टॉक मार्केट का लंबे समय का इंतजार आज जाकर खत्म हो गया है। टायर कंपनी एमआरएफ (MRF) के शेयर लंबे समय से नर्वस नाइंटीज का शिकार हो रहे थे लेकिन अब जाकर इसने आज इसे पार कर लिया था। एमआरएफ के शेयर आज बीएसई पर 1.37 फीसदी के उछाल के साथ 100300 रुपये पर पहुंच गए। इसके बाद भाव में थोड़ी सुस्ती आई और यह फिलहाल 1.05 फीसदी की मजबूती के साथ 99976.05 रुपये पर ट्रेड हो रहा है। हालांकि यह लगातार एक लाख रुपये के ऊपर-नीचे हो रहा है। इससे पहले भी एमआरएफ ने 1 लाख रुपये के लेवल को मई में पार किया था लेकिन फ्यूचर्स सेगमेंट में।
एक साल में 52% चढ़ा है MRF का शेयर
एमआरएफ के शेयर पिछले साल 17 जून 2022 को एक साल के निचले स्तर 65,900.05 रुपये पर थे। इसके बाद शेयरों की खरीदारी बढ़ी और एक साल में यह 52 फीसदी मजबूत होकर 13 जून 2023 यानी आज 1,00,300 रुपये की रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। एमआरएफ के शेयरों ने कई बार 99 हजार का लेवल पार किया था लेकिन कभी एक लाख रुपये के लेवल को पार नहीं किया और इस कोशिश में आज जाकर यह सफल हो पाया।
एमआरएफ एक टायर कंपनी है जिसकी शुरुआत KM Mammen ने 1946 में की थी। कंपनी की वेबसाइट पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक इसकी कारोबारी शुरुआत मद्रास में टॉय बैलून मैनुफैक्चरिंग यूनिट के रूप में हुई थी। एमआरएफ ने पहली बार 2007 में 100 करोड़ डॉलर का टर्नओवर हासिल किया था और अगला 100 करोड़ डॉलर यानी 200 करोड़ डॉलर के टर्नओवर का लेवल 2011 में हासिल किया।
2013 में इसका एयरो मसल (Aero Muscle) पहला भारतीय टायर बन गया जिसे लड़ाकू विमान-सुखोई 30एमकेआई के लिए चुना गया। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो जनवरी-मार्च 2023 में इसका शुद्ध मुनाफा तिमाही आधार पर 169.22 करोड़ रुपये से बढ़कर 410.66 करोड़ रुपये और समान अवधि में रेवेन्यू 5,534.92 करोड़ रुपये से 5,725.39 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।