इंडिगो की पेरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयरों में 4 दिसंबर को 3.4 प्रतिशत तक की गिरावट आई। BSE पर शेयर 5401 रुपये के लो तक गया। बाद में यह 2.2 प्रतिशत गिरावट के साथ 5466.55 रुपये पर सेटल हुआ। दरअसल डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने इंडिगो की उड़ानों में बड़े स्तर पर हो रही देरी और कैंसिलेशन की जांच शुरू की है। इसके चलते शेयर में बिकवाली का दबाव है। इंडिगो ने बुधवार को कई हवाई अड्डों पर 100 से अधिक उड़ानें रद्द कीं, जबकि कई फ्लाइट बहुत देर से उड़ीं। इसके लिए कंपनी ने चालक दल की कमी को जिम्मेदार बताया है। साथ ही अगले 48 घंटे के लिए फ्लाइट शेड्यूल में एडजस्टमेंट की घोषणा की है।
इसके तहत उड़ानों की संख्या घटाई जाएगी या उनके निर्धारित समय में बदलाव किया जाएगा। DGCA ने बयान में कहा कि वह इस स्थिति की जांच कर रहा है। वह एयरलाइन के साथ मिलकर ऐसे कदम ढूंढ रहा है, जिनसे उड़ानों के कैंसिलेशन और देरी को कम किया जा सके और यात्रियों को होने वाली असुविधा को घटाया जा सके। DGCA ने कहा, ‘‘इंडिगो को DGCA मुख्यालय में पेश होकर यह बताना होगा कि मौजूदा अव्यवस्था किस कारण हुई और इसे दूर करने के लिए क्या उपाय किए जा रहे हैं।’’
बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 42 और दिल्ली एयरपोर्ट पर 38 फ्लाइट हुईं कैंसिल
बुधवार को बेंगलुरु हवाई अड्डे पर इंडिगो की 42, दिल्ली हवाई अड्डे पर 38, मुंबई हवाई अड्डे पर 33, हैदराबाद हवाई अड्डे पर 19 और कोलकाता हवाई अड्डे पर 10 उड़ानें रद्द हुईं। इसके अलावा देशभर में इंडिगो की कई उड़ानें कई-कई घंटों की देरी से रवाना हुईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सूत्रों का कहना है कि गुरुवार को हैदराबाद एयरपोर्ट से इंडिगो की 33 फ्लाइट कैंसिल हो सकती हैं। दिन में 35 आने वाली फ्लाइट भी कैंसिल हो सकती हैं।
इंडिगो ने इस दिक्कत पर कहा कि पिछले दो दिन से उसके नेटवर्क में ऑपेशनल चुनौतियां सामने आई हैं। इनमें तकनीकी दिक्कतें, सर्दियों के कारण टाइम टेबल में बदलाव, खराब मौसम, हवाई परिवहन में भीड़भाड़ और चालक दल के डिप्लॉयमेंट के नए नियम शामिल हैं। नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियम पायलटों और चालक दल के काम के घंटे और आराम की अवधि तय करते हैं, ताकि उनकी सुरक्षा और थकान को मैनेज किया जा सके।
Indigo शेयर एक सप्ताह में 7 प्रतिशत लुढ़का
ताजा गिरावट के बाद इंडिगो का मार्केट कैप घटकर 2.11 लाख करोड़ रुपये रह गया है। शेयर साल 2025 में अब तक 19 प्रतिशत बढ़ा है। वहीं एक सप्ताह में 7 प्रतिशत नीचे आया है। कंपनी में सिंतबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 41.58 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। इंडिगो की ओर से हाल में उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर महीने में कुल 1,232 उड़ानें रद्द हुईं। इनमें से 755 उड़ानें चालक दल की उपलब्धता और FDTL नियमों का अनुपालन न हो पाने के कारण रद्द करनी पड़ीं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।