इंफोसिस के प्रेसीडेंट मोहित जोशी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मोहित जोशी ने कंपनी में 22 साल से अधिक समय बिताया है। मोहित जोशी साल 2000 में इंफोसिस से जुड़े थे। बता दें की कि मोहित जोशी कंपनी के फाइनेंशियल सर्विसेज और हेल्थकेयर/लाइफ साइंसेज बिजनेस सेगमेंट का कारोबार देखते थे। इसके साथ ही वो एजवर्व सिस्टम्स के चेयरमैन भी थे। रवि कुमार एस के कंपनी छोड़ने के बाद ये कंपनी से हाल के दिनों में दिया गया दूसरा बड़ा इस्तीफा है। बता दें कि रवि कुमार एस ने कॉग्निजेंट का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनने के लिए कंपनी छोड़ने का फैसला लिया था।
इंफोसिस ने मोहित जोशी के कंपनी के प्रेसीडेंट पद से इस्तीफे की जानकारी देते हुए बताया है कि 11 मार्च, 2023 से मोहित छुट्टी पर रहेंगे और कंपनी के साथ उनका आखिरी दिन 09 जून, 2023 होगा। इंफोसिस के बोर्ड ने मोहित जोशी द्वारा प्रदान की गई सेवाओं और कंपनी में उनके योगदान के लिए उनकी सराहना की है।
हाल के दिनों में श्री जोशी के इंफोसिस से निकलने की चर्चा काफी गर्म थी। लेकिन उन्होंने दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठकों इंफोसिस की तरफ से हिस्सा लिया था। लेकिन सूत्रों का कहना है कि वे हाल ही में गोवा में हुई लीडरशिप मीटिंग दूसरी अहम क्लायंट मीटिंग्स में शामिल नहीं हुए थे। इससे ये साफ संकेत मिल गया था कि वे कंपनी छोड़कर जा रहे हैं।
संभालेंगे टेक महिंद्रा के MD और CEO पद की जिम्मेदारी
इस बीच टेक महिंद्रा ने एक्सचेंज को सूचित किया है कि मोहित जोशी को 20 दिसंबर 2023 से कंपनी के बोर्ड में डायरेक्टर के तौर पर शामिल किया जाएगा। मोहित जोशी 19 दिसंबर 2023 से टेक महिंद्रा के एमडी का पद भार ग्रहण करेंगे। कंपनी एक्ट 2013 के मुताबिक कंपनी के एमडी और सीईओ के पद पर मोहित जोशी की नियुक्ति 20 दिसंबर 2023 से लेकर 19 दिसंबर 2023 यानी 5 साल के लिए होगी। मोहित ने इंफोसिस से पहले ABN Ambro, ANZ Grindlays जैसी जानी-मानी कंपनियों में काम किया है। बतातें चलें कि टेक महिंद्र के वर्तमान सीईओ सीपी गुरुनानी का कार्यकाल 19 दिसंबर को खत्म होने वाला है।