Insolation Energy Shares: इन्सोलेशन एनर्जी के शेयरों में आज ताबड़तोड़ खरीदारी का रुझान दिखा। खरीदारी का यह जोरदार रुझान कंपनी की पूर्ण मालिकाना हक वाली सब्सिडिरी को इसका अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर मिलने के चलते आया है। इसकी सब्सिडरी को 733 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है और इस खुलासे पर शेयर रॉकेट बन गए और 10 फीसदी से अधिक ऊपर चढ़ गए। आज बीएसई पर यह 9.55 फीसदी की बढ़त के साथ 281.00 रुपये पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 10.21 फीसदी उछलकर 282.70 रुपये के भाव तक पहुंच गया था।
कैसा ऑर्डर मिला है Insolation Energy की सब्सिडरी को?
एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक इन्सोलेशन एनर्जी की सहायक कंपनी इन्सोलेशन ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को सौर पीवी मॉड्यूल की सप्लाई के लिए 733.04 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट मिला है। यह इसके लिए अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर है। इसे केपीआई ग्रीन एनर्जी ने यह ऑर्डर दिया है। इस ऑर्डर के तहत सोलर पीवी मॉड्यूल एन टाइप बाई फेसियल (जी टू जी) की सप्लाई जून 2025 से जून 2026 के बीच पूरा करना है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
इन्सोलेशन एनर्जी के शेयरों ने पिछले साल 8 ही महीने में फटाफट 284 फीसदी से अधिक रिटर्न दिया था यानी कि निवेशकों का पैसा तीन गुना से अधिक बढ़ा था। पिछले साल 19 मार्च 2024 को यह 123.62 रुपये पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का निचला स्तर है। इस निचले स्तर से 8 ही महीने में यह 284 फीसदी से अधिक उछलकर 8 नवंबर 2024 को 475.00 रुपये पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई है। हालांकि शेयरों की तेजी यहीं थम गई और फिलहाल इस रिकॉर्ड हाई से यह 41 फीसदी डाउनसाइड है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।