IREDA Share Price: सरकारी कंपनी IREDA (Indian Renewable Energy Development Agency) के शेयरों में 22 अप्रैल को 11 प्रतिशत तक की तेजी दिखी। हालांकि बाद में तेजी की रफ्तार थोड़ी कम हो गई। मार्च 2024 तिमाही और वित्त वर्ष 2024 के वित्तीय नतीजे जारी होने के बाद शेयरों की जमकर खरीद हो रही है। IREDA ने वित्त वर्ष 2024 में 1252.23 करोड़ रुपये का अपना अभी तक का सबसे ज्यादा सालाना शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है। यह वित्त वर्ष 2023 के मुनाफे से 44.83% ज्यादा है। इसके अलावा कंपनी का शुद्ध NPA (Non-Performing Assets) घटकर वित्त वर्ष 2024 में 0.99 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले 1.66 प्रतिशत था।
20 अप्रैल को सुबह शेयर बीएसई पर बढ़त के साथ 179 रुपये पर खुला। कुछ ही देर में यह पिछले बंद भाव से 11.5 प्रतिशत तक उछलकर 179.45 रुपये के हाई तक गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर 6 प्रतिशत की बढ़त के साथ 170.45 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 45,812 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर 215 रुपये है, जो 6 फरवरी 2024 को देखा गया था। वहीं 52 सप्ताह का निचला स्तर 49.99 रुपये 29 नवंबर 2023 को दर्ज किया गया था।
मार्च 2024 तिमाही में कितना मुनाफा
मार्च 2024 तिमाही की बात करें तो तिमाही के दौरान IREDA का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 32 प्रतिशत बढ़कर 337.38 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) सालाना आधार पर 26.8% बढ़कर 59,698 करोड़ रुपये हो गए। तिमाही आधार पर ग्रोथ 18 प्रतिशत की रही। मार्च 2024 तिमाही में ग्रॉस NPA तिमाही आधार पर घटकर 2.36% पर आ गया, जो दिसंबर 2023 तिमाही में 2.9% था।
शुद्ध ब्याज मार्जिन बढ़कर 2.85% हो गया, जो एक साल पहले मार्च तिमाही में 1.84% था। IREDA ने एक बयान में कहा कि 31 मार्च 2024 तक उसकी नेट वर्थ 44.22% बढ़कर 8,559.43 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले यह 5,935.17 करोड़ रुपये थी।
FY25 में लेगी 24,200 करोड़ का उधार
शेयर बाजार में IREDA की लिस्टिंग 29 नवंबर 2023 को हुई थी। कंपनी का आईपीओ 21 नवंबर को खुला था और 23 नवंबर 2023 को क्लोज हुआ था। आईपीओ 38.80 गुना सब्सक्राइब हुआ था। IREDA में सरकार की हिस्सेदारी 75 प्रतिशत है। बाकी के 25 प्रतिशत शेयर पब्लिक के पास हैं। इस साल मार्च के आखिर में IREDA के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 24,200 करोड़ रुपये की बॉरोइंग के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।