Zomato से ऑर्डर करने वालों को झटका, प्लेटफॉर्म फीस 25% बढ़कर हुई ₹5

Zomato Platform Fee: जोमैटो सालाना करीब 85-90 करोड़ ऑर्डर पूरे करती है। 1 जनवरी को कंपनी ने प्लेटफॉर्म फीस को बढ़ाकर 4 रुपये कर दिया था। कंपनी में पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 98.42 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कंपनी ने अपनी इंटरसिटी लीजेंड्स सर्विस को रोक दिया है। पिछले एक साल में Zomato शेयर की कीमत 249 प्रतिशत से ज्यादा मजबूत हुई है

अपडेटेड Apr 22, 2024 पर 4:40 PM
Zomato ने इंटरसिटी लीजेंड्स नामक अपनी इंटर-सिटी फूड डिलीवरी सर्विस को सस्पेंड कर दिया है।

Zomato Platform Fee: फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने प्लेटफॉर्म फीस को 25 प्रतिशत बढ़ाकर 5 रुपये प्रति ऑर्डर कर दिया है। इसके चलते यूजर के ऑर्डर का बिल बढ़ने वाला है। साथ ही कंपनी ने इंटरसिटी लीजेंड्स नामक अपनी इंटर-सिटी फूड डिलीवरी सर्विस को सस्पेंड कर दिया है। अगस्त 2023 में जोमैटो ने अपने मार्जिन को बढ़ाने और प्रॉफिटेबल बनने के लिए 2 रुपये की प्लेटफॉर्म फीस लेना शुरू किया था। कंपनी ने बाद में फीस को बढ़ाकर 3 रुपये कर दिया और फिर 1 जनवरी को इसे बढ़ाकर 4 रुपये कर दिया। 31 दिसंबर को प्लेटफॉर्म फीस को बढ़ाकर 9 रुपये कर दिया था लेकिन यह बढ़ोतरी अस्थायी थी।

विश्लेषकों ने उस वक्त कहा था कि प्लेटफॉर्म फीस में वृद्धि आंशिक रूप से डिलीवरी फीस पर जीएसटी के प्रभाव को कम कर देगी। प्लेटफॉर्म फीस में बढ़ोतरी अभी केवल कुछ शहरों में ही प्रभावी है। जोमैटो सालाना करीब 85-90 करोड़ ऑर्डर पूरे करती है। सभी भौगोलिक क्षेत्रों में कनवीनिएंस फीस में हर 1 रुपये की वृद्धि से EBITDA पर 85-90 करोड़ रुपये या लगभग 5 प्रतिशत का सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

इंटरसिटी लीजेंड्स सर्विस पर कब तक रोक


इस बीच Zomato ने अपनी इंटरसिटी लीजेंड्स सर्विस को रोक दिया है, जो प्रमुख शहरों के टॉप रेस्टोरेंट्स से दूसरे शहरों के ग्राहकों तक ऑर्डर पहुंचाती थी। जोमैटो ऐप पर 'लीजेंड्स' टैब पर क्लिक करने पर, सामने आता है, "एनहैंसमेंट चल रहे हैं। कृपया हमारे साथ बने रहें क्योंकि हम जल्द ही आपकी सेवा में वापस आएंगे।"

YES Bank ने CA Basque Investments को अलॉट किए 1.28 अरब शेयर

एक साल में 249% चढ़ा Zomato शेयर

19 अप्रैल को बीएसई पर जोमैटो का शेयर 189.20 रुपये पर क्लोज हुआ था। सोमवार, 22 अप्रैल को यह मजबूत हुआ है और 2 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी है। कारोबार खत्म होने पर शेयर 193.35 रुपये पर सेटल हुआ। पिछले एक साल में शेयर की कीमत 249 प्रतिशत से ज्यादा मजबूत हुई है। बीएसई के डेटा के मुताबिक, कंपनी में पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 98.42 प्रतिशत हिस्सेदारी है। जोमैटो की प्रतिद्वंदी कंपनी स्विगी भी जल्द ही आईपीओ लाने वाली है।

JM Financial Institutional Securities Ltd ने Zomato शेयर के लिए टारगेट प्राइस 200 रुपये से बढ़ाकर 260 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। यह 19 अप्रैल को बंद भाव से 37.4 प्रतिशत ज्यादा है। JM Financial Institutional Securities का Zomato में भरोसा इसकी क्विक कॉमर्स शाखा Blinkit में लगातार हो रही ग्रोथ के चलते बढ़ा है।

Oberoi Realty की बिक्री बुकिंग FY24 में 53% घटी, कैसा रहा है शेयरों का प्रदर्शन?

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।