IRFC Share Price: सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी IRFC (Indian Railway Finance Corporation) के शेयर में 8 जुलाई को 7 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। जमकर हो रही खरीद के चलते कीमत दिन में 9 प्रतिशत तक चढ़कर रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गई। यह लगातार 5वां कारोबारी सत्र है, जब शेयर में उछाल है। बीएसई पर सुबह IRFC का शेयर बढ़त के साथ 192.70 रुपये पर खुला। उसके बाद यह पिछले बंद भाव से 9 प्रतिशत तक उछलकर 206 रुपये के हाई तक गया। यह शेयर का रिकॉर्ड हाई है। कारोबार खत्म होने पर शेयर 7 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ 202.10 रुपये पर सेटल हुआ।
तकनीकी विश्लेषक मानस जायसवाल का मानना है कि अगर कोई IRFC में निवेश कर रहा है तो उसे उसमें बने रहना चाहिए। जायसवाल ने 24 जून को CNBC आवाज पर एक दर्शक के सवाल का जवाब देते हुए ₹159 का स्टॉप लॉस बनाए रखने की सलाह दी थी। उस समय जायसवाल ने कहा था कि पहला टारगेट ₹200 का होना चाहिए। यह टारगेट शेयर क्रॉस कर चुका है।
जायसवाल ने कहा, "एक बार शेयर ₹200 को पार कर जाता है, तो यह एक अज्ञात क्षेत्र में प्रवेश करेगा, जिसके बाद यह ₹235 के स्तर पर पहुंच सकता है।" IRFC के शेयर में अच्छी बढ़ोतरी के बावजूद, इसे विश्लेषकों द्वारा कवरेज नहीं किया गया है।
एक साल में 513% चढ़ा IRFC शेयर
पिछले एक साल में शेयर की कीमत 513 प्रतिशत मजबूत हुई है। साल 2024 में अब तक शेयर 101 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी का मार्केट कैप 2.64 लाख करोड़ रुपये है। मार्च 2024 तिमाही तक IRFC में सरकार के पास 86.36 प्रतिशत और पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 13.64 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
IRFC का वित्त वर्ष 2024 की जनवरी-मार्च तिमाही में मुनाफा 34 प्रतिशत बढ़कर 1,717.3 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 1,285.2 करोड़ रुपये था। मार्च 2024 तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 6,477.9 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 6,230.2 करोड़ रुपये थी।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।