पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच सोमवार, 2 मार्च को भारतीय विमानन कंपनियों और यात्रा कारोबार से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट देखी गई। एयरलाइन इंडिगो की पेरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन का शेयर BSE पर 7.50 प्रतिशत तक टूटकर 4460.90 रुपये के लो तक गया। बाद में शेयर 6 प्रतिशत गिरावट के साथ बंद हुआ। स्पाइसजेट के शेयर में 9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह BSE पर 14.60 रुपये के लो तक गया। बाद में शेयर लगभग 6 प्रतिशत गिरावट के साथ बंद हुआ।
ईरान और इजराइल-US के बीच छिड़ी जंग के कारण पश्चिम एशिया में कई देशों ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। इससे उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई यात्री फंसे हुए हैं। ईरान की जवाबी कार्रवाई से दुबई, अबू धाबी और दोहा के इलाके प्रभावित हुए हैं, जो एविएशन सेक्टर के लिए जरूरी ट्रांजिट हब हैं। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भी बंद कर दिया गया है। दुबई भारतीय यात्रियों के लिए भी एक जरूरी टूरिस्ट हब है।
28 फरवरी 2026 को इजराइल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ खुली जंग का ऐलान करते हुए एयर स्ट्राइक की। कुछ ही घंटों में ईरान ने भी जवाब देते हुए मिसाइल और ड्रोन से इजराइल पर हमले कर दिए। ईरान ने मध्यपूर्व के कई देशों पर भी हमले किए हैं। संयुक्त अरब अमीरात की ओर से कहा गया है कि उसे निशाना बनाकर किए गए ईरानी सैन्य हमलों में मामूली रूप से घायल हुए 58 लोगों में एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। हमलों में 3 लोग मारे गए हैं। ईरान ने कई खाड़ी देशों में इजराइली और अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए हमलों को अंजाम दिया है। US और इजराइल के हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई।
टूरिज्म कंपनियों के शेयर कितना टूटे
ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल यात्रा ऑनलाइन के शेयर दिन में BSE पर लगभग 14 प्रतिशत तक गिरकर 102.40 रुपये के लो तक गए। इक्सिगो के शेयर में 13.6 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई। इसी तरह ईजी ट्रिप प्लानर्स के शेयर में 9.39 प्रतिशत, टीबीओ टेक में 8.19 प्रतिशत और थॉमस कुक (इंडिया) के शेयर में 5.40 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। भारतीय टूर ऑपरेटर संघ (IATO) का कहना है कि पश्चिम एशिया संकट के कारण हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगने से बुकिंग रद्द होने और यात्रा कार्यक्रम में बदलाव के अनुरोधों में भारी बढ़ोतरी हुई है।
कारोबार बंद होने पर यात्रा ऑनलाइन का शेयर 9.5 प्रतिशत, इक्सिगो 2 प्रतिशत, ईजी ट्रिप प्लानर्स 7 प्रतिशत, टीबीओ टेक 4 प्रतिशत और थॉमस कुक (इंडिया) 3.5 प्रतिशत गिरावट के साथ सेटल हुआ।
इंडिगो, एयर इंडिया ने मिडिल ईस्ट के लिए सभी फ्लाइट कीं कैंसिल
इंडिगो ने मिडिल ईस्ट जाने वाली और वहां से आने वाली अपनी सभी उड़ानें कैंसिल कर दी हैं। कंपनी ने कहा है कि हमारी टीमें लगातार बदलती स्थिति पर नजर रख रही हैं और व्यवधान को जितना हो सके कम करने के लिए ऑपरेशंस को पुनर्व्यवस्थित कर रही हैं। यह भी कहा है कि कस्टमर्स को सपोर्ट देने की कोशिश में इंडिगो मिडिल ईस्ट और कुछ इंटरनेशनल सेक्टर्स से आने-जाने के लिए 7 मार्च 2026 तक पूरी फ्लेक्सिबिलिटी और छूट दे रहे हैं। यह 28 फरवरी 2026 को या उससे पहले की गई बुकिंग पर लागू होगी। कस्टमर्स बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के पूरा रिफंड या रीशेड्यूल का ऑप्शन चुन सकते हैं। एअर इंडिया एक्सप्रेस ने भी पश्चिम की ओर जाने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को सस्पेंड कर दिया है। एअर इंडिया भी बयान जारी कर चुकी है कि उसने पश्चिम एशिया जाने वाली अपनी सभी उड़ानें सस्पेंड कर दी हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।