IT stocks : ट्रंप टैरिफ से कुछ राहत मिलने से बाजार में चौतरफा तेजी है। निफ्टी 425 प्वाइंट उछलकर 22800 के पार चला गया है। HDFC बैंक, RIL, ICICI बैंक और भारती एयरटेल जैसे दिग्गजों ने बाजार में जोश भरा है। बैंक निफ्टी में भी 800 अंक से ज्यादा का उछाल देखने को मिला है।मिडकैप और स्मॉल कैप में भी जोरदार खरीदारी देखने को मिली है। डॉलर के मुकाबले रुपये में भी मजबूती है। अमेरिका से आई एक खबर के चलते आई कंपनियां फोकस में हैं। अमेरिका के डिफेंस डिपॉर्टमेंट पेंटागन ने एक्सेंचर और डिलॉयट के 5.1 बिलियन डॉलर के IT सर्विसेज के कांट्रेक्ट को खत्म कर दिया है। अपने इस फैसले से पेंटागन ने एक्सेंचर और डिलॉयट को तगड़ा झटका दिया है।
पेंटागन ने IT सर्विसेज का करार खत्म करते हुए कहा है कि अब पेंटागन के कर्मचारी ही उसके आईटी सर्विसेज को देखेंगे। पेंटागन के मेमो जारी करके ये जानकारी दी है। ये मेमो 10 अप्रैल को जारी हुआ है। इस करार के खत्म होने से अमेरिकी सरकार के 4 अरब डॉलर की बचत होगी। पेंटागन ने थर्ड पार्टी कांट्रैक्ट को गैर जरूरी करार दिया है। इसके अलावा 11 दूसरे कंसल्टिंग कांट्रैक्ट्स को भी खत्म किया गया है। ट्रंप प्रशासन गैर जरूरी खर्चों का ऑडिट कर रहा है।
फिलहाल निफ्टी आईटी इंडेक्स 0.10 फीसदी की हल्की बढ़त के साथ 32,549.80 के स्तर पर नजर आ रहा है। LTIM 95.50 रुपए या 2.56 फीसदी की बढ़त के साथ 4,213.00 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, MPHASIS 95.50 अंक यानी 2.17 की बढ़त के साथ 4,498.25 पर नजर आ रहा है। OFSS 123.70 यानी 1.67 फीसदी की तेजी के साथ 7,524.80 रुपए पर नजर आ रहा है। WIPRO 2.15 अंक यानी 0.91 फीसदी की बढ़त लेकर 238.80 पर कारोबार कर रहा है। एचसीएल टेक में 0.45 फीसदी की और टेक महिंद्रा में 0.23 फीसदी दी बढ़त के साथ कारोबार हो रहा है। दूसरी तरफ इंफोसिस, कोफोर्ज और टीसीएस लाल निशान में दिख रहे हैं।