ITC Shares: शिखर से 20% टूटा आईटीसी का शेयर, ₹400 से नीचे लुढ़का भाव, जानें कारण

ITC Shares: आईटीसी लिमिटेड के शेयरों में आज 12 मार्च को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और शेयर 2.5% और टूट गया। इस गिरावट के साथ ही कंपनी के शेयर अब अपने 499.7 रुपये के शिखर से करीब 20% नीचे कारोबार कर रहे हैं। आईटीसी ने यह स्तर पिछले साल 24 जुलाई को छुआ था

अपडेटेड Mar 12, 2024 पर 2:01 PM
BAT करीब 1900 के दशक की शुरुआत से ही ITC में शेयरधारक रहा है

ITC Shares: आईटीसी लिमिटेड के शेयरों में आज 12 मार्च को लगातार दूसरे दिन गिरावट रही और शेयर का भाव 2.5% टूटकर 400 रुपये के नीचे चला गया। इस गिरावट के साथ ही कंपनी के शेयर अब अपने 499.7 रुपये के शिखर से करीब 20% नीचे कारोबार कर रहे हैं। आईटीसी ने यह स्तर पिछले साल 24 जुलाई को छुआ था। सूत्रों ने CNBC-TV18 को बताया कि आईटीसी की सबसे बड़ी शेयरधारक ब्रिटिश अमेरिकन टोबैको (BAT) इस सप्ताह कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेचने की तैयारी कर रही है।

दिसंबर तिमाही तक के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के अनुसार BAT के पास फिलहाल ITC में 29% हिस्सेदारी है। BAT ने फरवरी में कहा था कि आईटीसी में उसकी अहम हिस्सेदारी है और यह कुछ पूंजी को जुटाने और उन्हें दूसरे जगहों पर लगाने का एक मौका हो सकता है। BAT ने बताया, "हम अपनी कुछ हिस्सेदारी को बेचने के लिए जरूरी नियामकीय प्रक्रियाओं को पूरा करने में लगे हैं और इस बारे में जल्द से जल्द से अपडेट करेंगे।"

BAT करीब 1900 के दशक की शुरुआत से ही किसी न किसी तरह से ITC में शेयरधारक रहा है और इस दौरान इसने कई शेयर कैपिटल से जुड़े कई बदलावों और नियामकीय प्रतिबंधों को देखा है। ITC सोमवार को CNBC-TV18 के डीलिंग रूम चैटर का भी हिस्सा थी, जहां यह बताया गया कि स्टॉक में जल्द ही एक बड़ी ब्लॉक डील होने की संभावना है।


ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स (Goldman Sachs) ने 29 फरवरी को एक रिपोर्ट में कहा था कि शॉर्ट-टर्म में कमोजर अर्निंग्स का अनुमान और BAT की ओर से हिस्सेदारी बेचने की खबर, ITC के शेयरों में आई हालिया गिरावट के प्रमुख कारण है। गोल्डमैन सैक्स ने कहा कि मार्च तिमाही के दौरान कंपनी की सिगरेट बिक्री में सुधार हो सकता है, लेकिन कागजी कारोबार में निकट अवधि की आय में गिरावट हो सकती है। ब्रोकरेज ने कहा कि आय में संभावित रिकवरी के वित्त वर्ष 2025 की सितंबर तिमाही तक आने की संभावना है।

दोपहर 1 बजे के करीब, एनएसई पर आईटीसी के शेयर 1.8% गिरकर 401.95 रुपये पर कारोबार कर रहे थे। स्टॉक अपने सभी प्रमुख मूविंग एवरेज से नीचे कारोबार कर रहा है और इस साल अब तक 14% टूट चुका है।

यह भी पढ़ें- Aditya Birla Sun Life AMC का आ सकता है OFS, 5% स्टेक बेच सकते हैं प्रमोटर्स

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।