ITD Cementation Share Price: आईटीडी सीमेंटेशन इंडिया के शेयरों में आज 8 अगस्त को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 14 फीसदी तक उछलकर 559.70 रुपये के स्तर पर पहुंच गए। यह तेजी इसके जून तिमाही के शानदार नतीजों के बाद आई है। ITD सीमेंटेशन ने बताया कि जून तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 92 फीसदी बढ़कर 100 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो एनालिस्ट्स के अनुमानों से अधिक था। वहीं इसका रेवेन्यू इस दौरान 30 फीसदी बढ़कर 2,381 करोड़ रुपये रहा।
ITD सीमेंटेशन एक इंजीनियर और कंस्ट्रक्शन कंपनी है, जिसके पास हैवी सिविल और EPC प्रोजेक्ट्स में महारत है। कंपनी की मौजूदगी मैरिटाइम स्ट्रक्चर, मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम, एयरपोर्ट्स, हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर, टनल्स, डैम एंड इरिगेशन, हाईवेज, पुल और फ्लाईओवर, इंडस्ट्रियल स्ट्रक्चर और इमारतों, फाउंडेशन और स्पेशलिस्ट इंजीनियरिंग में है।
कंपनी का कंसॉलिडेटेड ऑर्डर बुक जून तिमाही के अंत में 18,536 करोड़ रुपये के साथ मजबूत बना हुआ था। कंपनी ने तिमाही के दौरान 1,053 करोड़ रुपये से अधिक के ऑर्डर हासिल किए। ITD सीमेंटेशन का ऑपरेटिंग प्रॉफिट यानी EBITDA जून तिमाही में 36.4 फीसदी बढ़कर 221 करोड़ रुपये रहा। जबकि इसका EBITDA मार्जिन इस दौरान 9.3 फीसदी रहा।
NSE पर दोपहर 2 बजे के करीब ITD सीमेंटेशन के शेयर 12.70 फीसदी की तेजी के साथ 544.30 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। इस साल की शुरुआत से अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 87 फीसदी की तेजी आ चुकी है। वहीं पिछले एक साल में इसने अपने निवेशकों को 185 फीसदी का रिटर्न दिया है। जबकि इसके मुकाबले बेंचमार्च निफ्टी पिछले एक साल में महज 24 फीसदी बढ़ा है।
जून तिमाही के अंत में, ITD सीमेंटेशन की प्रमोटर होल्डिंग 46.6 फीसदी पर बरकरार रही। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने अपनी हिस्सेदारी 17 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत कर दी, जबकि म्यूचुअल फंड ने अपनी हिस्सेदारी 1.2 प्रतिशत से बढ़ाकर 1.6 प्रतिशत कर दी।