अमेरिका और चीन सहित वैश्विक स्तर पर मैन्युफैक्चरिंग गतिविधि में हालिया वृद्धि के बीच ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज (Jefferies) भारतीय मेटल कंपनियों को लेकर बुलिश है। एक नोट में जेफरीज ने कहा कि इस क्षेत्र, विशेष रूप से तांबे और एल्यूमीनियम कारोबार से जुड़ी कंपनियों में उसे अच्छी संभावना दिख रही है। जेफरीज ने टाटा स्टील (Tata Steel) और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (Hindalco Industries) के शेयरों के लिए "बाय" रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस बढ़ा दिया है। टाटा स्टील के लिए ब्रोकरेज ने टारगेट प्राइस को 165 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये प्रति शेयर कर दिया है।
यह Tata Steel शेयर के 10 अप्रैल को बीएसई पर बंद भाव 165.15 रुपये से 21 प्रतिशत ज्यादा है। जेफरीज ने हिंडाल्को के लिए टारगेट प्राइस 610 रुपये से बढ़ाकर 700 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। यह 10 अप्रैल को बीएसई पर शेयर के बंद भाव 601.95 रुपये से 16 प्रतिशत अधिक है।
JSW स्टील को लेकर क्या रुख
ब्रोकरेज ने JSW स्टील पर "होल्ड" कॉल को बरकरार रखा है। हालांकि टारगेट प्राइस को 800 रुपये से बढ़ाकर 900 रुपये कर दिया है। यह शेयर के 10 अप्रैल को बीएसई पर बंद भाव 883.80 रुपये से करीब 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है। विश्लेषकों का मानना है कि मेटल शेयरों में सकारात्मक धारणा का कारण चीन और अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों में आई बड़ी वृद्धि है। दोनों देश मेटल के प्रमुख उपभोक्ता हैं। ऐसे में मैन्युफैक्चरिंग गतिविधि में वृद्धि से मेटल की मांग में वृद्धि होगी।
US में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 18 महीनों में पहली बार वृद्धि
ISM की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 18 महीनों में पहली बार वृद्धि देखी गई। US मैन्युफैक्चरिंग PMI फरवरी 2024 के 47.8 से बढ़कर मार्च में 50.3 हो गया, जो सितंबर 2022 के बाद से इसकी उच्चतम रीडिंग है। इसी तरह, चीन की मैन्युफैक्चरिंग गतिविधि सितंबर के बाद पहली बार मार्च में बढ़ी, जो चीन की अर्थव्यवस्था में स्थिरता का संकेत है। चीन का PMI फरवरी के 49.1 से बढ़कर मार्च में 50.8 हो गया।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।