Jubilant Food share price : डंकिन भारत से बाहर निकलने की तैयारी में, जुबिलेंट फूडवर्क्स ने खत्म की 15 साल पुरानी फ्रेंचाइजी डील

Jubilant Food share price : JFL ने अपनी रेग्युलेटरी फाइलिंग में कहा है कि उसके बोर्ड ने मल्टीपल यूनिट डेवलपमेंट फ्रेंचाइज़ एग्रीमेंट के तहत दिए गए डेवलपमेंट राइट को उनकी मौजूदा डेवलपमेंट अवधि समाप्त होने पर रिन्यू न करने का फैसला किया है

अपडेटेड Mar 31, 2026 पर 2:42 PM
Story continues below Advertisement
डंकिन ब्रांड दुनिया भर में एक कॉफी और डोनट चेन के तौर पर काम करता है। भारत में,इसे क्विक सर्विस रेस्टोरेंट सेगमेंट में रखा गया है

Jubilant Food share price : एक रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया गया है कि जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड ने भारत में डंकिन ब्रांड के लिए अपने फ्रेंचाइजी एग्रीमेंट को रिन्यू न करने का फैसला किया है और वह अपने मौजूदा डंकिन ऑपरेशंस को चरणबद्ध तरीके से बंद करने या उसके पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू करेगी। जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड (JFL) और डंकिन’ के बीच 24 फरवरी,2011 को साइन किया गया मल्टीपल यूनिट डेवलपमेंट फ्रेंचाइज़ एग्रीमेंट (MUDFA) 31 दिसंबर,2026 को खत्म होने वाला है। कंपनी के बोर्ड ने मौजूदा कार्यकाल पूरा होने पर,इस एग्रीमेंट के तहत दिए गए डेवलपमेंट राइट्स को रिन्यू न करने की मंज़ूरी दे दी है।

JFL ने अपनी रेग्युलेटरी फाइलिंग में कहा है कि उसके बोर्ड ने मल्टीपल यूनिट डेवलपमेंट फ्रेंचाइज़ एग्रीमेंट के तहत दिए गए डेवलपमेंट राइट को उनकी मौजूदा डेवलपमेंट अवधि समाप्त होने पर रिन्यू न करने का फैसला किया है। JFL ने आगे कहा कि इसके लिए सभी कदम समझौते की शर्तों,लागू कानूनों,रेग्युलेटरी जरूरतों और कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों के अनुसार उठाए जाएंगे।

बैकग्राउंड


जुबिलेंट फूडवर्क्स (Jubilant FoodWorks) ने 2011 में MUDFA के ज़रिए Dunkin’ India के कारोबार में कदम रखा,जिससे उसे देश में इस ब्रांड को डेवलप करने और चलाने के अधिकार मिले। यह समझौता कंपनी की उस रणनीति का हिस्सा था,जिसके तहत वह अपने कोर पिज़्ज़ा कारोबार से आगे बढ़कर अपनी मौजूदगी का विस्तार करना चाहती थी।

डंकिन ब्रांड दुनिया भर में एक कॉफी और डोनट चेन के तौर पर काम करता है। भारत में,इसे क्विक सर्विस रेस्टोरेंट (QSR)सेगमेंट में रखा गया है,जहां इसका मुकाबला घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कॉफी और फूड चेन से है।

JFL का पोर्टफोलियो और विस्तार

जुबिलेंट फूडवर्क्स छह बाजारों भारत,तुर्की,बांग्लादेश,श्रीलंका,अज़रबैजान और जॉर्जिया में 3,500 से अधिक स्टोर का नेटवर्क संचालित करती है। इसके पोर्टफोलियो में Domino’s और Popeyes जैसे ग्लोबल ब्रांड शामिल हैं। साथ ही Hong’s Kitchen और COFFY जैसे कंपनी के अपने ब्रांड भी हैं,जो तुर्की में कारोबार करते हैं।

अब क्या करेगी कंपनी

जुबिलेंट फूडवर्क्स ने कहा कि डंकिन के ऑपरेशन्स को रीस्ट्रक्चर करने का प्रोसेस धीरे-धीरे होगा और यह ब्रांड ओनर के सलाह-मशविरा पर निर्भर करेगा। रेग्युलेटरी फाइलिंग में स्टोर बंद करने या एसेट ट्रांसफर के लिए टाइमलाइन नहीं बताई गई है। बस इतना कहा गया कि ये काम कॉन्ट्रैक्ट और रेगुलेटरी ज़रूरतों के हिसाब से धीरे-धीरे किए जाएंगे।

शेयर प्राइस हिस्ट्री

जुबिलेंट फूडवर्क्स के शेयर पर नजर डालें तो 30 मार्च को ये शेयर 20.25 रुपए यानी 4.46 फीसदी की कमजोरी के साथ 434.10 रुपए पर बंद हुआ है। कल का इसका दिन का हाई 447.75 रुपए और दिन का लो 430.50 रुपए था। स्टॉक का 52 वीक हाई 727.95 रुपए और 52 वीक लो 430.50 रुपए है। कंपनी का ट्रेडिंग वॉल्यूम 5,165,320 रुपए और मार्केट कैप 28,643 करोड़ रुपए है।

1 हफ्ते में ये शेयर 0.90 फीसदी गिरा है। वहीं, 1 महीने में इसमें 14.15 फीसदी और 3 महीनों में 22.25 फीसदी की गिरावट आई है। इस साल अब तक ये शेयर 22.29 फीसदी टूटा है। वहीं, 1 साल में इसमें 34.66 फीसदी की कमजोरी देखने को मिली है।

 

Market outlook : बुधवार को सेंसेक्स और निफ्टी में थम सकता है दो दिन की गिरावट का सिलसिला, इन कारणों से आ सकती है तेजी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।