Jupiter Hospitals का IPO अच्छा है या बुरा? क्या आपको लगाना चाहिए दांव? जानें एक्सपर्ट्स की राय
Jupiter Life Line Hospitals IPO: ज्यूपिटर लाइफ लाइन हॉस्पिटल्स का 869 करोड़ रुपये का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) इस वक्त बोली के लिए खुला हुआ है। अधिकतर एनालिस्ट्स को यह आईपीओ पसंद आ रहा है। जहां कई ने लिस्टिंग गेन के लिहाज से इस IPO को सब्सक्राइब करने की सलाह दी है। वहीं कई एनालिस्ट्स ने इसे लंबी-अवधि के ग्रोथ के लिए खरीदने को कहा है
Jupiter Hospitals का IPO पहले दिन 87 फीसदी सब्सक्रिप्शन के साथ बंद हुआ था
Jupiter Life Line Hospitals IPO: ज्यूपिटर लाइफ लाइन हॉस्पिटल्स का 869 करोड़ रुपये का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) इस वक्त बोली के लिए खुला हुआ है। अधिकतर एनालिस्ट्स को यह आईपीओ पसंद आ रहा है। जहां कई ने लिस्टिंग गेन के लिहाज से इस IPO को सब्सक्राइब करने की सलाह दी है। वहीं कई एनालिस्ट्स ने इसे लंबी-अवधि के ग्रोथ के लिए खरीदने को कहा है। उनका कहना है कि कंपनी के मजबूत वित्तीय और कारोबारी प्रदर्शन, रिजनल इलाकों में इसकी मजबूत उपस्थित, प्रतिद्वंदी कंपनियों के मुकाबले वजिब वैल्यूएशन और आगे ग्रोथ की संभावनाओं को देखते हुए इसके IPO को सब्सक्राइब किया जा सकता है।
ज्यूपिटर लाइफ लाइन हॉस्पिटल्स एक मल्टी-स्पेशियल्टी हेल्थकेयर सेवा मुहैया कराने वाली कंपनी है। मुंबई मेट्रोपॉलिटन एरिया (MMR) और पश्चिमी इलाके में इसके 3 हॉस्पिटल्स हैं। कंपनी का आईपीओ 6 सितंबर को बोली के लिए खुला था और पहले ही दिन यह 87 फीसदी सब्सक्रिप्शन के साथ बंद हुआ था। रिटेल और नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों ने पहले दिन इस आईपीओ में अच्छी दिलचस्पी दिखाई थी।
Jupiter Hospitals IPO: कंपनी का मजबूत पक्ष
CRISIL की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के ठाणे और इंदौर में स्थित हॉस्पिटल्स पश्चिम भारत के उन चुनिंदा हॉस्पिटल्स में से एक हैं, जिनमें एक डेडिकेटेड रोबोटिक और कंप्यूटर-अस्सिटेंट वाला न्यूरोरिहैबिलिटेशन सेंटर है, जिसके जरिए न्यूरो-रिहैबिलिटेशन सेवाएं मुहैया कराई जाती हैं। इसके अलावा यह ठाणे में मल्टी-ऑर्गन ट्रांसप्लांट करने वाले कुछ सेंटर्स में से एक हैं।
कंपनी फिलहाल साथ ठाणे, पुणे और इंदौर में 'ज्यूपिटर' ब्रांडनेम से अपने 3 हॉस्पिटल्स चलाती है। इसके पास कुल 1,194 बेड हैं। इसने अस्पतालों में मरीजों की संख्या, लागत पर काबू और आय के विभिन्न स्रोतों के जरिए उच्च कारोबारी और वित्तीय प्रदर्शन दिया है।
Jupiter Hospitals IPO: ग्रोथ इंजन
ब्रोकिंग फर्म 'दलाल एंड ब्रोचा' को कंपनी के 2 मुख्य ग्रोथ इंजन दिख रहे हैं। इसमें पहला- इंदौर हॉस्पिटल्स में सुविधाओं को बढ़ाना (200 अतिरिक्त बेड जोड़ना) है, जिसका ऑक्यूपेंसी रेट फिलहाल 40 प्रतिशत है। वहीं दूसरा ARPOB (प्रति बेड औसत रेवेन्यू) में बढ़ोतरी शामिल है, जो फिलहाल अभी करीब 39,000 रुपये है। ब्रोकरेज को आगे दोनों में ग्रोथ की उम्मीद है।
इसके अलावा कंपनी महाराष्ट्र के डोंबिवली में भी एक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल बना रही है। अप्रैल 2023 में इसका निर्माण शुरू हो गया है और इसमें 500 से अधिक बेड्स होंगे।
Jupiter Hospitals IPO: वैल्यूएशन और ब्रोकरेज की राय
रिलायंस सिक्योरिटीज ने कंपनी का वैल्यूएशन इसके P/BV के 11.41 गुना पर लगाया है। ब्रोकरेज ने कहा कि IPO के बाद यह कंपनी कर्ज-मुक्त हो जाएगी। साथ ही हेल्थेकेयर सेगमेंट में ग्रोथ की संभावनाएं, मरीजों की आने वाली अच्छी खासी संख्या, लागत के अच्छे मैनेजमेंट, मजबूत वित्तीय क्षमता और नए एरिया में विस्तार से आने वाले समय में कंपनी में ग्रोथ की संख्या है। इसे देखते हुए ब्रोकरेज ने इस इश्यू को लंबी अवधि के नजरिए के साथ सब्सक्राइब करने का सलाह दिया है।
ब्रोकरेज फर्म SMIFS ने कहा कि ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी अपनी FY23 अर्निंग्स के 22 गुना EV/EBITDA मल्टीपल की मांग कर रही है, जो यथार्य हॉस्पिटल्स जैसे इसे प्रतिद्वंदी कंपनियों के बराबर है। यह प्राइसिंग के लिहाज से इस IPO को आकर्षक बनाता है। अपने इलाके में मजबूत उपस्थित, कारोबारी दक्षता और समकक्ष कंपनियों के मुकाबले बेहतर वित्तीय प्रदर्शन के चलते ब्रोकरेज ने इस इश्यू को सब्सक्राइब करने की सलाह दी है।
सुशील फाइनेंशिल सर्विसेज और SBI सिक्योरिटीज जैसे दूसरे ब्रोकरेज फर्मों ने भी कंपनी की अच्छी ग्रोथ संभावनाओं को देखते हुए इसे सब्सक्राइब करने की सलाह दी है।
Jupiter Hospitals IPO: वित्तीय प्रदर्शन
ज्यूपिटर हॉस्पिटल्स का वित्त वर्ष 2021 में रेवेन्यू 486.16 करोड़ रुपये था, जो वित्त वर्ष 2022 में 50.80 फीसदी बढ़कर 733.12 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2023 में यह फिर 21.75 फीसदी बढ़कर 892.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
वहीं कंपनी का शुद्ध मुनाफा वित्त वर्ष 2022 में 51.13 करोड़ रुपये रहा था, जबकि इसके पिछले वित्त वर्ष में इसने 2.3 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया था। इसके बाद वित्त वर्ष 2023 में इसका शुद्ध मुनाफा 42.5 फीसदी बढ़कर 72.91 करोड़ रुपये हो गया।
डिस्क्लेमरःMoneycontrol पर एक्सपर्ट की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।