Muhurat Trading शुरू होने में कुछ घंटे बाकी, ये 6 स्टॉक्स कर सकते हैं आपको मालामाल, आईसीआईसीई सिक्योरिटीज ने तैयार की है लिस्ट
मुहूर्त ट्रेडिंग में शेयरों में निवेश करना शुभ माना जाता है। इस बार ठीक दिवाली से पहले शेयर बाजार में जबर्दस्त रिकवरी दिखी। निफ्टी फरवरी के बाद पहली बार 25,000 के लेवल पर पहुंचा है। यह भारतीय शेयर में तेजी की शुरुआत का संकेत है
मुहूर्त ट्रेडिंग शुरू होने में कुछ घंटे बचे हैं। अगर आपने अब तक शेयरों की लिस्ट फाइनल नहीं की है तो मनीकंट्रोल आपको निवेश के लिए कुछ शेयरों की लिस्ट बता रहा है। दरअसल, यह लिस्ट ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीई सिक्योरिटीज ने तैयार की है। इस लिस्ट में कुछ स्टॉक्स शामिल हैं, जो आपको दमदार कमाई करा सकते हैं। मुहूर्त ट्रेडिंग 2:20 से 3:30 के बीच होगी।
1. Venus Pipes and Tubes
Venus Pipes and Tubes स्टेनलेस स्टील पाइप और ट्यूब बनाती है। घरेलू सीमलेस पाइप सेगमेंट में इसकी करीब 10 फीसदी हिस्सेदारी है। कंपनी की कुल इंस्टॉल्ड क्षमता लगभग 48,000 टन है। कंपनी अब डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर और न्यूक्लियर पावर जैसे हाई-मार्जिन वाले सेक्टरों में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है।
एक प्रमुख डेटा सेंटर कंपनी से इसे 185 करोड़ रुपये का लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) मिला है, जबकि इसका ऑर्डर बुक करीब 600 करोड़ रुपये का है। ब्रोकरेज फर्म ने इस शेयर के लिए2,340 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस शेयर पर दांव लगाने से 34 फीसदी की कमाई हो सकती है।
2. Neogen Chemicals
Neogen Chemicals स्पेशियलिटी ब्रोमीन और लिथियम आधारित केमिकल बनाती है। इसके उत्पादों का इस्तेमाल फार्मास्यूटिकल्स, एग्रोकेमिकल्स और बैटरी मटीरियल जैसे क्षेत्रों में होता है। कंपनी ने जापानी कंपनियों Mitsubishi और Morita के साथ साझेदारी में लिथियम बैटरी मटीरियल कारोबार के लिए करीब 1,795 करोड़ रुपये के कैपेक्स की योजना बनाई है।
हाल ही में कंपनी ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए 600 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इसके अलावा, ज्वाइंट वेंचर पार्टनर की ओर से अतिरिक्त इक्विटी निवेश से भी कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत हुई है। ब्रोकरेज फर्म ने इस शेयर के लिए 2,765 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है| इस शेयर पर दांव लगाने से 32 फीसदी तक कमाई हो सकती है।
3. Info Edge
Info Edge का प्रमुख कारोबार भर्ती प्लेटफॉर्म Naukri है, जो कंपनी की ग्रोथ का मुख्य आधार बना हुआ है। कमजोर हायरिंग माहौल के बावजूद कंपनी के प्रदर्शन में मजबूती दिखी है। FY26 में Naukri का रेवेन्यू 13.7 फीसदी बढ़ा, जबकि FY27 की पहली छमाही में इसकी बिलिंग्स में 14.9 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।
कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित प्रोडक्ट्स पर भी तेजी से काम कर रही है। इनमें AI-Rex, Talent Pulse और जॉब सीकर से जुड़े प्रोडक्ट शामिल हैं। इन AI आधारित पेशकशों से कंपनी का सालाना आधार पर रेवेन्यू रन रेट करीब 240 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। ब्रोकरेज फर्म ने इस शेयर के लिए 1,530 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस शेयर पर दांव लगाने से 28 फीसदी तक रिटर्न मिल सकता है।
4. Ethos
Ethos देश की सबसे बड़ी लग्जरी वॉच रिटेलर कंपनी है। इसके देशभर में 102 बुटीक हैं। यह 85 ग्लोबल ब्रांड्स की घड़ियां बेचती है। कंपनी के पोर्टफोलियो में एक्सक्लूसिव ब्रांड्स की संख्या भी बढ़ रही है। वित्त वर्ष 2021 से 2026 के दौरान कंपनी के एवरेज सेलिंग प्राइस (ASP) में सालाना आधार पर औसतन 16 फीसदी की वृद्धि हुई है।
ICICI Securities को FY26 से FY29 के दौरान कंपनी के रेवेन्यू में सालाना करीब 27 फीसदी की चक्रवृद्धि वृद्धि (CAGR) की उम्मीद है। इसमें करीब 23 फीसदी वॉल्यूम ग्रोथ और औसत बिक्री मूल्य में लगातार बढ़ोतरी की भूमिका रहेगी। ब्रोकरेज फर्म ने शेयर के लिए 3,180 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है| इस शेयर पर दांव लगाने से 23 फीसदी रिटर्न मिल सकता है।
5. Apollo Micro Systems
Apollo Micro Systems डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स और सिस्टम बनाने वाली कंपनी है। इसके पास 700 से अधिक टेक्नोलॉजी हैं और यह 150 से ज्यादा स्वदेशी डिफेंस प्रोग्राम्स में हिस्सा ले रही है। FY26 में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 61 फीसदी बढ़कर 904 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान EBITDA मार्जिन 24.1 फीसदी दर्ज किया गया।
सितंबर 2026 तक कंपनी का ऑर्डर बुक 1,765 करोड़ रुपये था, जो पिछले 12 महीनों के रेवेन्यू का करीब 1.5 गुना है। कंपनी को मिसाइल, गाइडेंस और अंडरवॉटर सिस्टम जैसे क्षेत्रों से नए ऑर्डर मिलने की भी उम्मीद है। ब्रोकरेज फर्म ने इस शेयर के लिए 485 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है | अभी दांव लगाने से 21 फीसदी तक रिटर्न मिल सकता है।
6. Indian Hotels
Indian Hotels Company Limited (IHCL) के पास फिलहाल 34,200 ऑपरेशनल होटल रूम हैं। कंपनी अगले पांच वर्षों में 34,800 अतिरिक्त कमरे जोड़ने की योजना बना रही है। खास बात यह है कि प्रस्तावित विस्तार में करीब 90 फीसदी कमरे एसेट-लाइट मॉडल के तहत जोड़े जाएंगे। इस मॉडल में कंपनी को होटल की संपत्तियों में भारी निवेश किए बिना विस्तार करने का मौका मिलता है।
कंपनी ने FY27 के लिए अपने कंसोलिडेटेड रेवेन्यू ग्रोथ गाइडेंस को 3 फीसदी बढ़ाकर 15-17 फीसदी कर दिया है। इसमें होटल कारोबार की मजबूत ग्रोथ की अहम भूमिका रहने की उम्मीद है। कंपनी के पास 4,350 करोड़ रुपये से अधिक का कैश सरप्लस भी है, जिसका इस्तेमाल मौजूदा होटलों के अपग्रेडेशन और कारोबार के विस्तार में किया जा सकता है। ब्रोकरेज फर्म ने इस शेयर के लिए 990 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस शेयर में 20 फीसदी तक कमाई हो सकती है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।