Jyoti CNC Automation IPO Listing: सीएनसी मशीन बनाने वाली ज्योति सीएनसी ऑटोमेशन (Jyoti CNC Automation) के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में शानदार एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 40 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ के तहत 331 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी 372 रुपये के भाव पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 12.38 फीसदी का लिस्टिंग गेन (Jyoti CNC Automation Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद भी तेजी थमी नहीं। उछलकर यह 444.80 रुपये (Jyoti CNC Automation Share Price) पर पहुंच गया। दिन के आखिरी में यह 433.15 रुपये पर बंद हुआ है यानी कि आईपीओ निवेशक पहले दिन 30.86 फीसदी मुनाफे में हैं। एंप्लॉयीज अधिक मुनाफे में हैं क्योंकि उन्हें हर शेयर 15 रुपये के डिस्काउंट पर मिला है।
Jyoti CNC Automation IPO को मिला था शानदार रिस्पांस
ज्योति सीएनसी ऑटोमेशन का 1 हजार करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 9-11 जनवरी के बीच खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का धांसू रिस्पांस मिला था। ओवरऑल यह आईपीओ 40.49 गुना सब्सक्राइब हुआ था जिसमें क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 46.37 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 38.33 गुना, खुदरा निवेशकों का हिस्सा 27.50 और एंप्लॉयीज का 13.14 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले 3,02,11,480 नए शेयर जारी हुए हैं। नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, लॉन्ग टर्म वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
सीएनसी मशीन बनाने वाली यह कंपनी जनवरी 1991 में बनी थी। इसके ग्राहकों की बात करें तो यह इसरो, ब्रह्मोस एयरोस्पेस तिरुवनंतपुरम, तुर्किश एयरोस्पेस, यूनीपार्ट्स इंडिया, टाटा एडवांसेज सिस्टम, हर्ष इंजीनियर्स और नेशनल फिटिंग्स इत्यादि को माल सप्लाई करती है। जून 2023 के आंकड़ों के मुताबिक इसकी उत्पादन क्षमता भारत में सालाना 4400 मशीन और फ्रांस में 121 मशीन बनाने की है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2021 में इसे 70.03 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2022 में घटकर 48.30 करोड़ रुपये के शुद्ध घाटे पर आ गया। फिर वित्त वर्ष 2023 में स्थिति सुधरी और यह 15.06 करोड़ रुपये के शुद्ध मुनाफे में आ गई। इस वित्त वर्ष की बात करें तो अप्रैल-सितंबर 2023 में इसे 3.35 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हो चुका है।