Kalyan Jewellers Share Price: गहने बेचने वाली दिग्गज कंपनी कल्याण ज्वैलर्स इंडिया (Kalyan Jewellers India) के शेयरों की तेजी थम ही नहीं रही है। इसके शेयर आज इंट्रा-डे में 7 फीसदी से अधिक उछलकर 175.50 रुपये की रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। जून 2023 तिमाही के शानदार नतीजे को लेकर इसमें तेजी दिख रही है। आज लगातार पांचवे दिन यह चढ़ा है और इस दौरान यह करीब 18 फीसदी मजबूत हुआ है। हालांकि आज रिकॉर्ड हाई पर पहुंचने के बाद मुनाफावसूली के चलते यह थोड़ा नरम हुआ और आज दिन के आखिरी में बीएसई पर यह 6.35 फीसदी के उछाल के साथ 174.30 रुपये पर बंद हुआ है। एक महीने में यह 60 फीसदी ऊपर चढ़ा है।
Kalyan Jewellers के लिए कैसी रही जून तिमाही
कल्याण ज्वैलर्स ने शुक्रवार 7 जुलाई को एक्सचेंज फाइलिंग में तिमाही अपडेट भेजा था। इसके तहत जून तिमाही में कंपनी का घरेलू कारोबार से रेवेन्यू सालाना आधार पर 34 फीसदी बढ़ गया। वहीं कंसालिडेटेड रेवेन्यू ग्रोथ 31 फीसदी रही। कंपनी ने दक्षिण के बाहर मार्केट में कल्याण के 12 नए शोरूम खोले और दीवाली से पहले 20 और शोरूम खोलने की योजना है। कंपनी की योजना इस वित्त वर्ष में 52 नए शोरूम खोलने की है।
मिडिल ईस्ट में कंपनी के कारोबार की बात करें तो जून तिमाही में रेवेन्यू सालाना आधार पर 21 फीसदी बढ़ा। कंपनी के कुल रेवेन्यू में मिडिल ईस्ट की हिस्सेदारी करीब 16 फीसदी रही। जून 2023 तिमाही तक के आंकड़ों के मुताबिक भारत और मिडिल ईस्ट में इसके कुल 194 शोरूम हैं।
शेयरों ने एक साल में 180% दिया रिटर्न
कल्याण ज्वैलर्स के शेयर पिछले साल 14 जुलाई 2022 को 62.20 रुपये में मिल रहे थे। यह इसका एक साल का निचला स्तर है। इसके बाद एक साल में यह करीब 182 फीसदी उछलकर आज 175.50 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। इसके शेयरों की तेजी को कंपनी की मजबूत कारोबारी स्थिति से सपोर्ट मिल रहा है। इसका शेयर 26 मार्च 2021 को लिस्ट हुआ था और आईपीओ निवेशकों को यह 87 रुपये के भाव पर जारी हुआ था।