Kaynes Technology Listing Strategy: डिफेंस सेक्टर की दिग्गज कंपनी Kaynes Technology के शेयरों की घरेलू मार्केट में आज 22 नवंबर को लिस्टिंग हुई। इसकी लिस्टिंग शानदार रही लेकिन कारोबार बढ़ने पर इसके शेयर 11 फीसदी से अधिक फिसल गए। बीएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 587 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले करीब 32 फीसदी प्रीमियम यानी 775 रुपये पर हुई। इसके बाद यह 787 रुपये तक पहुंच गया था। हालांकि फिर यह टूटकर 675 रुपये तक फिसल गया। ऐसे में निवेशकों को उलझन हो रही है कि इस स्टॉक से मुनाफा बुक कर निकल लेना चाहिए या अभी होल्ड करना चाहिए। इसे लेकर मार्केट एक्सपर्ट्स ने निवेशकों को लांग टर्म के लिए होल्ड करने की सलाह दी है।
मेहता इक्विटीज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च) प्रशांत तापसे के मुताबिक मजबूत बिजनेस सेग्मेंट, बेहतर वैल्यूएशन के साथ मजबूत ऑर्डर बुक और लांग टर्म में निर्यात के अपार मौके के चलते इसके शेयरों की लिस्टिंग दमदार रही। प्रशांत तापसे का मानना है कि Kaynes Tech का कारोबार लांग टर्म में मजबूत होगा और निवेशकों को शानदार रिटर्न मिल सकता है। हालांकि उन्होंने निवेशकों को लिस्टिंग डे यानी आज अपने पोर्टफोलियो में इसके शेयरों की संख्या बढ़ाने से मना किया है।
आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के इक्विटी रिसर्च हेड नरेंद्र सोलंकी का कहना है कि कंपनी का लगातार प्रोडक्ट इनोवेशन, आरएंडडी और हायर बैकवर्ड इंटीग्रेशन पर जोर है। इसके दम पर कंपनी की ऑपरेशनल एफिशिएंसी बढ़ेगी। ऐसे में नरेंद्र सोलंकी ने निवेशकों को Kaynes Tech के शेयरों को अपने पोर्टफोलियो में मीडियम से लांग टर्म तक होल्ड करने की सलाह दी है।
वहीं दूसरी तरफ स्वास्तिक इंवेस्टमार्ट के इक्विटी रिसर्च हेड गिरीश सोदानी ने लिस्टिंग गेन का कुछ हिस्सा आज और शेष मुनाफे को प्राइस मूवमेंट के हिसाब से एक हफ्ते के भीतर बुक करने की सलाह दी है। गिरीश ने हालांकि यह भी कहा है कि भाव टूटने पर लांग टर्म निवेश के लिए इसके शेयरों की खरीदारी की जा सकती है।
Kaynes Technology IPO को मिला था शानदार रिस्पांस
858 करोड़ रुपये के इस आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह इश्यू 34.16 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस इश्यू के तहत 530 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी हुए हैं और 328 करोड़ रुपये के शेयरों की ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत बिक्री हुई है। नए शेयरों को जारी कर जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कर्ज चुकता करने, कंपनी का विस्तार करने, नए प्लांट में निवेश करने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों को पूरा करने में किया जाएगा।
Kaynes Technology के बारे में डिटेल्स
Kaynes ऑटो, इंडस्ट्रियल, एयरोस्पेस एंड डिफेंस, आउटर-स्पेस, न्यूक्लियरस मेडिकल, रेलवेज, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, आईटी और अन्य सेग्मेंट्स से जुड़ी बड़ी कंपनियों को इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन और मैन्यूफैक्चरिंग (ESDM) सर्विसेज मुहैया कराती है। कंपनी के कारोबार की बात करें तो वित्त वर्ष 2020-22 में कंपनी का रेवेन्यू 38 फीसदी की सीएजीआर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ा।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।