1 दिसंबर को सुबह शेयर बाजार में कारोबार शुरू होते ही केसोराम इंडस्ट्रीज (Kesoram Industries) के शेयर में 5 प्रतिशत की तेजी आई और अपर सर्किट लग गया। कंपनी के शेयर लगातार 5वें कारोबारी दिन चढ़े हैं। दरअसल एक दिन पहले यह जानकारी सामने आई थी कि एवी बिड़ला समूह की सीमेंट कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement) बीके बिड़ला समूह की कंपनी केसोराम इंडस्ट्रीज के सीमेंट कारोबार का अधिग्रहण करेगी। इसके बाद शेयरों में तेजी देखी गई। 1 दिसंबर को सुबह केसोराम इंडस्ट्रीज का शेयर बीएसई पर 5 प्रतिशत की बढ़त के साथ 146.05 रुपये पर खुला और अपर सर्किट लग गया। यह शेयर का 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर भी है। एनएसई पर शेयर 146.35 रुपये पर खुला और 52 सप्ताह के नए उच्च स्तर के साथ-साथ अपर प्राइस बैंड को भी हिट कर गया।
पिछले 5 दिनों में केसोराम इंडस्ट्रीज का शेयर 100 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा है। शेयर का 52 सप्ताह का निचला स्तर बीएसई पर 53.70 रुपये और एनएसई पर 53.10 रुपये है। वहीं लोअर प्राइस बैंड 5 प्रतिशत की गिरावट के साथ बीएसई पर 132.16 रुपये और एनएसई पर 132.45 रुपये है।
सौदे की वैल्यूएशन 7,600 करोड़
कर्ज समेत इस सौदे की कुल एंटरप्राइज वैल्यू लगभग 7,600 करोड़ रुपये रह सकती है। कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि उसके बोर्ड ने शेयरों की अदला-बदली के जरिये अपने सीमेंट कारोबार की बिक्री के प्रस्ताव को मंजूदी दे दी है। उसके शेयरधारकों को केसोराम के 52 शेयरों के बदले अल्ट्राटेक सीमेंट का एक शेयर मिलेगा। केसोराम का एक शेयर 10 रुपये का है। यह सौदा बिड़ला परिवार के अंदर ही हुआ है। बीके बिड़ला के पोते कुमार मंगलम बिड़ला एवी बिड़ला समूह के प्रमुख हैं, जिसके पास अल्ट्राटेक का मालिकाना हक है।
केसोराम इंडस्ट्रीज की वर्तमान में कर्नाटक के सेदम और तेलंगाना के बसंतनगर में दो इंटीग्रेटेड सीमेंट यूनिट हैं, जिनकी कुल क्षमता 1.07 करोड़ टन सालाना है। साथ ही सोलापुर, महाराष्ट्र में 6.6 लाख टन सालाना क्षमता का पैकिंग प्लांट भी है। वित्त वर्ष 2022-23 में केसोराम का सीमेंट परिचालन से कारोबार 3,533.75 करोड़ रुपये था।
अल्ट्राटेक की उत्पादन क्षमता बढ़ेगी
इस सौदे से अल्ट्राटेक की उत्पादन क्षमता को बढ़ावा मिलेगा और तेजी से बढ़ते पश्चिमी और दक्षिणी बाजारों में इसकी मौजूदगी का विस्तार होगा। केसोराम, बिड़ला शक्ति सीमेंट ब्रांड के तहत सीमेंट की बिक्री करती है। कई ब्रोकरेज फर्म्स ने इस सौदे के प्रति पॉजिटिव रुख व्यक्त किया है। जेफरीज इंडिया का मानना है कि अधिग्रहण से भारतीय सीमेंट उद्योग में अल्ट्राटेक सीमेंट की स्थिति मजबूत होगी। मोतीलाल ओसवाल सिक्योरिटीज का अनुमान है कि इस सौदे की एंटरप्राइज वैल्यू लगभग 7780 करोड़ रुपये होगी, जिसमें 5380 करोड़ रुपये की इक्विटी जारी करना (केसोराम के 52 इक्विटी शेयरों के बदले में अल्ट्राटेक सीमेंट का 1 इक्विटी शेयर) शामिल है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।