पिज्जा हट (Pizza Hut) और KFC जैसे रेस्तरां चलाने वाली कंपनी Sapphire Foods के शेयरों में ब्लॉक डील का पॉजिटिव असर दिख रहा है। इसके शेयर बीएसई पर आज 15 दिसंबर को इंट्रा-डे में 6 फीसदी से अधिक उछाल के साथ 1445.90 रुपये के भाव (Sapphire Foods Share Price) पर पहुंच गए। जानकारी के मुताबिक प्रमोटर ग्रुप और एक प्राइवेट इक्विटी फंड ने सफायर फूड्स में अपनी हिस्सेदारी कम की है। ब्लॉक डील के तहत आज 10.7 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर इक्विटी शेयरों का लेन-देन हुआ है। सफायर फूड्स का मार्केट कैप 9,073.56 करोड़ रुपये है।
कितने शेयरों की हुई बल्क बिक्री
बुधवार 15 दिसंबर को Sapphire Foods ने एक्सचेंज फाइलिंग में ब्लॉक डील के बारे में जानकारी दी थी। शेयर बाजारों को दी गई जानकारी के मुताबिक प्रमोटर ग्रुप सफायर फूड्स मॉरीशस (Sapphire Foods Mauritius) की योजना 40 लाख शेयरों, सगिस्ता रियल्टी एडवायजर्स (Sagista Realty Advisors) की 1.5 लाख शेयरों और प्राइवेट इक्विटी फंड डब्ल्यूडब्ल्यूडी रूबी (WWD Ruby) की 31 लाख शेयरों को बेचने की है। बता दें कि सफायर फूड्स का प्री-आईपीओ लॉक-इन पीरियड 15 नवंबर को एक्सपायर हो गया है। यह पीरियड समाप्त होने के बाद 43.3 फीसदी हिस्सेदारी के शेयर बिक्री के लिए फ्री हो गए।
पिछले साल लिस्ट हुए थे शेयर
सफायर फूड्स के शेयर पिछले साल घरेलू मार्केट में 18 नवंबर को लिस्ट हुए थे। आईपीओ निवेशकों को कंपनी के शेयर 1180 रुपये के भाव पर जारी हुए थे और लिस्टिंग के दिन 1383.60 रुपये की ऊंचाई तक पहुंचकर दिन के आखिरी में बीएसई पर 1216.05 रुपये के भाव पर बंद हुआ था। इसके 2073 करोड़ रुपये के आईपीओ को निवेशकों का बेहतर रिस्पांस मिला था और यह इश्यू 6.62 गुना सब्सक्राइब हुआ था। यह इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल का था।
सितंबर तिमाही में Sapphire Foods को रिकॉर्ड रेवेन्यू
सफायर फूड्स के लिए चालू वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी तिमाही शानदार रही। जुलाई-सितंबर 2022 में इसने अब तक का रिकॉर्ड रेवेन्यू हासिल हुआ। सितंबर 2022 तिमाही में कंपनी को 560.4 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 26.9 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हासिल हुआ। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 5 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।