इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन सेक्टर की कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (Larsen & Toubro or L&T) ने L&T Infrastructure Development Projects Limited (L&T IDPL) में अपनी पूरी 51% हिस्सेदारी की बिक्री पूरी कर ली है। LTIDPL, L&T और कनाडा पेंशन प्लान इनवेस्टमेंट बोर्ड (CPP इनवेस्टमेंट्स) का जॉइंट वेंचर है। L&T ने शेयर बाजारों को बताया है कि L&T IDPL में L&T की 51 प्रतिशत और CPP इनवेस्टमेंट्स की 49 प्रतिशत हिस्सेदारी एडलवाइस इंफ्रास्ट्रक्चर यील्ड प्लस स्ट्रैटेजी की एक कंपनी एपिक कंसेशन्स प्राइवेट लिमिटेड ने खरीदी है।
एडलवाइस इंफ्रास्ट्रक्चर यील्ड प्लस स्ट्रैटेजी को एडलवाइस अल्टरनेटिव एसेट एडवाइजर्स लिमिटेड (EAAA) मैनेज करती है। यह सौदा नॉन-कोर कारोबारों से निकलने की L&T की स्ट्रैटेजी का हिस्सा है। कंपनी एसेट-हैवी डेवलपमेंटल प्रोजेक्ट्स पोर्टफोलियो के लिए एक्सपोजर घटाना और इक्विटी पर रिटर्न (RoE) बढ़ाना चाहती है।
कितनी है सौदे की एंटरप्राइज वैल्यू
कंपनियों ने L&T Infrastructure Development Projects Limited में हिस्सेदारी बिक्री को लेकर साल 2022 में कहा था कि एपिक कंसेशन्स 6,000 करोड़ रुपये की एंटरप्राइज वैल्यू पर हिस्सेदारी खरीद रही है। L&T IDPL भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए पब्लिक-प्राइवेट-पार्टनरशिप (PPP) मॉडल में एक दिग्गज कंपनी है। L&T IDPL के पोर्टफोलियो में 8 सड़कें शामिल हैं, जो 4900 लेन-किमी तक फैली हैं। साथ ही एक 960 सीकेएम पावर ट्रांसमीशन एसेट है।
एडलवाइस ने एक अलग बयान में कहा, "इस अधिग्रहण के साथ, इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म 26 एसेट्स तक बढ़ जाएगा। इसमें लगभग 5,000 लेन-किलोमीटर सड़कें, लगभग 1,800 सीकेएम पावर ट्रांसमीशन एसेट्स और लगभग 813 MWp रिन्यूएबल एनर्जी शामिल है। कुल सालाना रेवेन्यू 3000 करोड़ रुपये है।"
L&T का मार्केट कैप 5.1 लाख करोड़
L&T का मार्केट कैप वर्तमान में 5.1 लाख करोड़ रुपये है। शेयर 10 अप्रैल को बीएसई पर लाल निशान में 3754.95 रुपये पर क्लोज हुआ। बीएसई के डेटा के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024 की दिसंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 31,600.92 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 2,136.18 करोड़ रुपये रहा था। वित्त वर्ष 2023 में रेवेन्यू 1,10,500.98 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 2,136.18 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। L&T ने अभी वित्त वर्ष 2024 और जनवरी-मार्च 2024 तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी नहीं किए हैं।