LIC Share Price: जून तिमाही के नतीजों के बाद 84% एनालिस्ट्स ने एलआईसी खरीदने की सलाह दी, रॉकेट बन सकता है शेयर!

LIC Share Price: एलआईसी की वीएनबी जून तिमाही में 61 फीसदी बढ़कर 3,136 करोड़ रुपये हो गई। यह सीएनबीसी-टीवी18 के पोल में एनालिस्ट्स के अनुमान से ज्यादा है। एनालिस्ट्स ने वीएनबी 2,638 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया था

अपडेटेड Aug 07, 2026 पर 12:26 PM
7 अगस्त को 12 बजे एलआईसी के शेयर का प्राइस 1.29 फीसदी चढ़कर 392 रुपये पर चल रहा था।

LIC Share Price: एलआईसी ने 6 अगस्त को जून तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। इसका असर 7 जुलाई को शेयरों पर दिखा। शुरुआती कारोबार में शेयर 2 फीसदी तक चढ़ गए। जून तिमाही में एलआईसी का प्रदर्शन अच्छा रहा। वैल्यू ऑफ न्यू बिजनेस (वीएनबी) ग्रोथ स्ट्रॉन्ग रही। मार्जिन में भी बड़ा उछाल दिखा।

वीएनबी में जून तिमाही में 61 फीसदी उछाल

LIC की वीएनबी जून तिमाही में 61 फीसदी बढ़कर 3,136 करोड़ रुपये हो गई। यह सीएनबीसी-टीवी18 के पोल में एनालिस्ट्स के अनुमान से ज्यादा है। एनालिस्ट्स ने वीएनबी 2,638 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया था। एक साल पहले की समान अवधि में वीएनबी 1,944 करोड़ रुपये थी।


वीएनबी मार्जिन भी अनुमान से ज्यादा 

जून तिमाही में कंपनी का वीएनबी मार्जिन 750 बेसिस प्वाइंट्स बढ़कर 22.9 फीसदी हो गया। यह एक साल पहले की समान अवधि में 15.4 फीसदी था। मार्केट ने वीएनबी मार्जिन 17.8 फीसदी रहने का अनुमान जताया था। नॉन-पार्टिसिपेटिंग पॉलिसीज की हिस्सेदारी 30.34 फीसदी से बढ़कर 32.5 फीसदी हो गई।

21 एनालिस्ट्स ने दी खरीदने की सलाह

LIC को कवर करने वाले 25 एनालिस्ट्स में से 84 फीसदी ने इस शेयर को खरीदने की सलाह दी है। तीन एनालिस्ट्स ने शेयर को होल्ड करने यानी अपने पास बनाए रखने की सलाह दी है। सिर्फ एक एनालिस्ट ने शेयर को बेचने की सलाह दी है। जून तिमाही के कंपनी के नतीजों के बाद विदेशी ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने एलआईसी के शेयर का टारगेट प्राइस बढ़ा दिया है।

शेयर के लिए 530 रुपये का टारगेट प्राइस

जेफरीज ने 530 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ एलआईसी के शेयर को खरीदने की सलाह दी है। पहले उसने शेयर के लिए 480 रुपये का टारगेट प्राइस दिया था। इसका मतलब है कि 6 अगस्त को 387.5 फीसदी के क्लोजिंग प्राइस से यह शेयर 36.8 फीसदी चढ़ सकता है। उसने कहा है कि प्रतिद्वंद्वी इंश्योरेंस कंपनियों के साथ मार्जिन गैप घटकर जून तिमाही में 200-300 बेसिस प्वाइंट्स रह गया।

यह भी पढ़ें: Stock to Invest: कल्याण ज्वेलर्स का शेयर 40% चढ़ सकता है, जेफरीज ने दी निवेश की सलाह

शेयर पर दिखा जून तिमाही के नतीजों का असर

Goldman Sachs ने शेयर पर न्यूट्रल रेटिंग दी है। हालांकि, उसका टारगेट प्राइस 475 रुपये है, जो 6 अगस्त को शेयर के क्लोजिंग प्राइस से 22.6 फीसदी ज्यादा है। उसने कहा है कि कंपनी के एजेंट्स की संख्या 3 फीसदी घटकर 14.5 लाख पर आ गई है। कंपनी ने उन एजेंट्स को बाहर करने पर फोकस किया है, जिनका काम पर ध्यान नहीं है। 7 अगस्त को 12 बजे एलआईसी के शेयर का प्राइस 1.29 फीसदी चढ़कर 392 रुपये पर चल रहा था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।