देश की 10 सबसे बड़ी कंपनियों में से छह के ₹78,163 करोड़ डूबे, जानिए किसे हुआ सबसे अधिक नुकसान

शेयर बाजार में सूचीबद्ध देश की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से छह की मार्केट वैल्यू (Market Capitalisation) पिछले कारोबारी हफ्ते कुल 78,163 करोड़ रुपये घट गई

अपडेटेड Oct 16, 2022 पर 12:05 PM
Story continues below Advertisement
रिलायंस इंडस्ट्री 16.04 लाख करोड़ रुपये के साथ देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों की लिस्ट में शीर्षे स्थान पर बनी हुई है

शेयर बाजार में सूचीबद्ध देश की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से छह की मार्केट वैल्यू (Market Capitalisation) पिछले कारोबारी हफ्ते कुल 78,163 करोड़ रुपये घट गई। इसमें रिलांयस इंडस्ट्री (Reliance Industries) को सबसे अधिक नुकसान हुआ है।

पिछले कारोबार हफ्ते बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) करीब 271.32 अंक या 0.46 फीसदी नीचे गिरा। इसके साथ ही रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, (Bharti Airtel), आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank), हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के मार्केट वैल्यूएशन में गिरावट दर्ज की गई।

हालांकि दूसरी तरफ टीसीएस (TCS), एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank), इंफोसिस (Infosys) और एचडीएफसी (HDFC) के मार्केट वैल्यू में इस हफ्ते इजाफा हुआ। इन चारों कंपनियों के मार्केट वैल्यू में पिछले कारोबारी हफ्ते कुल 30,467.03 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ, जो बाकी छह कंपनियों के वैल्यूएशन में आई गिरावट से काफी कम है।


सेंसेक्स में सबसे अधिक वेटेज रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज के वैल्यूएशन में पिछले हफ्ते 42,113.47 करोड़ रुपये की गिरावट आई और अब इसकी कुल मार्केट वैल्यू 16,04,069.19 करोड़ रुपये हो गई है।

यह भी पढ़ें- Multibagger Stock: वॉरंट्स के ऐलान पर एक साल के रिकॉर्ड हाई पर यह स्टॉक, ढाई साल में पांच गुने से अधिक बढ़ा चुका है पूंजी

इसी तरह भारती एयरटेल का मार्केट कैपिटलाइजेशन पिछले हफ्ते 15,159.81 करोड़ रुपये घटकर 4,26,226.99 करोड़ रुपये रह गया। वहीं ICICI बैंक का मार्केट कैपिटलाइजेशन 8,272.37 करोड़ रुपये घटकर 6,06,317.50 करोड़ रुपये पर आ गया।

हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैपिटलाइजेशन 5,404.06 करोड़ रुपये घटकर 6,05,219.47 करोड़ रुपये और बजाज फाइनेंस का मार्केट कैपिटलाइजेशन 4,268.28 करोड़ रुपये गिरकर 4,40,295.38 करोड़ रुपये पर आ गया। जबकि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का मार्केट कैपिटलाइजेशन 2,945.12 करोड़ रुपये घटकर 4,70,371.66 करोड़ रुपये रह गया

इस दौरान बढ़त दर्ज करने वाले कंपनियों में TCS का मार्केट कैप सबसे अधिक 11,965 करोड़ रुपये बढ़कर 11,33,446.05 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं इंफोसिस का मार्केट कैप 9,383.46 करोड़ रुपये बढ़कर 6,20,254.82 करोड़ रुपये का है।

HDFC बैंक का मार्केट वैल्यूएशन पिछले हफ्ते 5,792.76 करोड़ रुपये बढ़कर 8,02,686.8 करोड़ हो गया। वहीं HDFC का मार्केट वैल्यूएशन 3,325.71 करोड़ रुपये बढ़कर 4,26,135.93 करोड़ रुपये हो गया।

शेयर बाजार में सूचीबद्ध देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों की बात करें, तो रिलायंस इंडस्ट्री अभी भी सबसे शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। वहीं TCS और HDFC क्रमश: दूसरे तीसरे स्थान पर है। इसके बाद इस लिस्ट में इंफोसिस, ICICI बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, SBI, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल और HDFC शामिल है।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।