Market outlook : 20 सितंबर को बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखने को मिली है। निफ्टी आज 19900 के नीचे फिसल गया। इंडेक्स हैवीवेट्स के साथ ही आज अधिकांश सेक्टोरल इंडेक्सों में गिरावट देखने को मिली। हालांकि पावर इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुआ है। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 796 अंक या 1.18 फीसदी की गिरावट के साथ 66800.84 पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 231.90 अंक या 1.15 फीसदी गिरकर 19901.40 पर बंद हुआ है। गिरावट के साथ शुरुआत के बाद आज पूरे दिन बाजार बिकवाली के दबाव में रहा। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, नुकसान बढ़ता गया और अंत में ये दिन के निचले स्तर पर बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी आज इंट्रा डे में 66728.14 और 19878.85 का निचला स्तर छूते दिखे।
आज की गिरावट से निवेशकों के 2.25 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप पिछले सत्र के 323 लाख करोड़ रुपये से घटकर 320.75 लाख करोड़ रुपये हो गया। एचडीएफसी बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बीपीसीएल और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस निफ्टी के टॉप लूजर रहे। जबकि पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, कोल इंडिया, ओएनजीसी, सन फार्मा और आयशर मोटर्स निफ्टी के टॉप गेनर रहे।
आज के कारोबारी सत्र में पावर को छोड़कर सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए हैं। बैंक, मेटल और रियल्टी प्रत्येक में एक फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। बीएसई मिडकैप इंडेक्स में 0.30 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.5 फीसदी की गिरावट आई है।
21 सितंबर को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
कोटक सिक्योरिटीज के श्रीकांत चौहान का कहना है कि अब तक आई तेजी के चलते वैल्यूएशन काफी महंगा हो गया था। ऐसे में बाजार में पहले से ही करेक्शन का अंदाजा लगाया जा रहा था। आज आने वाले यूएस फेड के फैसले के पहले बाजार में मुनाफावसूली देखने को मिली। इसके अलावा अमेरिका और कनाडा के बीच चल रहे तनाव से भी चिंता बढ़ी है। अगर स्थिति बिगड़ती है तो हमारे बाजार पर भी कुछ असर पड़ सकता है। तकनीकी नजरिए से देखें तो तेज बिकवाली के कारण निफ्टी 20000 अंक से नीचे फिसल गया है जो काफी हद तक निगेटिव है। अब तेजड़ियों के लिए 20000-20030 पर तत्काल रजिस्टेंस दिख रहा है। जबकि ट्रेडर्स के लिए 19825-19775 पर सपोर्ट है।
शेयरखान के जतिन गेडिया का कहना है कि निफ्टी ने आज गिरावट के साथ शुरुआत की और पूरे दिन लाल निशान में कारोबार करते हुए 232 अंक नीचे बंद हुआ। निफ्टी में आगे और कमजोरी आ सकती है। जिसके चलते ये 19840 तक फिसल सकता है। अब निफ्टी के लिए 19840 –19800 पर सपोर्ट और 20050 –20100 तत्काल रजिस्टेंस दिख रहा है।
बैंक निफ्टी भी आज करेक्शन मोड में रहा। यह पिछले स्विंग हाई को तोड़ने में असमर्थ रहा ये कमजोरी का संकेत है। अब बैंक निफ्टी नीचे की तरफ 45070 - 44930 की ओर जाता दिख सकता है। यहां निफ्टी के लिए सपोर्ट दिख रहा है। बीच में निफ्टी में पुल बैक भी देखने को मिल सकता है। ऐसे में शॉर्ट टर्म में उछाल में बिकवाली की रणनीति की सलाह होगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।