Market outlook : 07 नवंबर को बाजार भारी वोलैटिलिटी के बीच सपाट बंद हुआ है। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 16.29 अंक या 0.03 फीसदी गिरकर 64,942.40 पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 5.10 अंक या 0.03 फीसदी गिरावट के साथ 19,406.70 पर बंद हुआ। आज के कारोबारी सत्र में लगभग 1878 शेयरों में बढ़त देखने को मिली है। जबकि 1616 शेयरों में गिरावट हुई है। जबकि 146 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। छोटे-मझोले शेयरों ने आज दिग्गजों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 0.5 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.4 फीसदी बढ़त के साथ बंद हुआ है।
हीरो मोटोकॉर्प, कोल इंडिया, बजाज फाइनेंस, जेएसडब्ल्यू स्टील और डिविस लैब्स आज निफ्टी के टॉप लूजर रहे हैं। वहीं, सन फार्मा, बीपीसीएल, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक और डॉ. रेड्डीज लैब्स निफ्टी के टॉप गेनरों में रहे हैं। सेक्टोरल इंडेक्सों पर नजर डालें तो हेल्थ केयर और तेल एवं गैस में 1 फीसदी की बढ़त हुई है। जबकि रियल्टी में 1 फीसदी की गिरावट आई है।
8 नवंबर को कैसी रह सकती है बाजार की चाल
प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि बाजार आज एक दायरे में घूमता रहा। कारोबार के अंत में निफ्टी 5.05 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 19,406.70 पर बंद हुआ। सेक्टोरल इंडेक्सों पर नजर डालें फार्मा 1.32 फीसदी की बढ़त के साथ दिन का सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला सेक्टर रहा। जबकि मुनाफावसूली के दबाव ने रियल्टी सेक्टर को नीचे ढ़केल दिया।
डेली चार्ट पर निफ्टी ने एक इनसाइड बार कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया है जो आम तौर पर बाजार में कंसोलीडेशन या अनिर्णय की स्थिति का संकेत माना जाता है। अब अगर निफ्टी 19420 के ऊपर की मजबूत क्लोजिंग देता है तो फिर इसमें 19560 के लिए दरवाजे खुल जाएंगे। नीचे की तरफ निफ्टी के लिए 19,350 पर सपोर्ट दिख रहा है।
उधर बैंकनिफ्टी आज 43,600 पर स्थित बड़ी बाधा के साथ-साथ 21DMA के ऊपर मजबूत क्लोजिंग देने में कामयाब रहा है। ये इंडेक्स में तेजी बने रहने का संकेत है। अब बैंक निफ्टी हमें 44,000 की ओर बढ़ता दिख सकता है। जबकि 43,300 के स्तर पर बैंक निफ्टी के लिए मजबूत सपोर्ट दिख रहा है।
शेयरखान के जतिन गेडिया का कहना है कि निफ्टी आज सपाट रुख के साथ खुला था। लेकिन इंट्राडे में इसमें गिरावट आई। 19330 की तरफ आने वाली गिरावट पर खरीदारी लौटती दिखी। कारोबारी सत्र के दूसरे भाग के दौरान निफ्टी में तेज उछाल देखने को मिला। जिसके चलते इसको नीचे से उबरने में मदद मिली। इसके चलते निफ्टी 5 अंक की मामूली गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुआ। निफ्टी में आज 19330-19300 के सपोर्ट जोन के पास से खरीदारी लौटती दिखी है। इसके अलावा ऑवरली मोमेंटम इंडीकेटर ने भी संतुलन रेखा से पॉजिटिव क्रॉसओवर देना शुरू कर दिया है। इससे निफ्टी में तेजी के नए दौर के शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं। निफ्टी 19450-19500 के बड़े रजिस्टेंस के पास दिख रहा है। अगर निफ्टी इस बाधा को पार करने में कामयाब रहता है तो फिर इसमें 19690 तक की एक और तेजी देखने को मिल सकती है। नीचे की तरफ निफ्टी के लिए 19300 - 19270 पर सपोर्ट दिख रहा है।
उधर बैंक निफ्टी इंट्राडे गिरावट से तेजी से उबर कर दिन के हाई पर बंद हुआ। नीचे की ओर 43300 - 43200 ने एक मजबूत सपोर्ट के रूप में काम किया। बैंक निफ्टी में तेजी देखने को मिल रही है। इसके जल्द ही 44000 तक पहुंचने की संभावना है। बैंक निफ्टी का मोमेंटम सेटअप, इसके प्राइस एक्शन के अनुरूप है। इससे आगे और तेजी की संभावना बन रही है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।