मारुति सुजुकी ने लागू किया वर्क फ्रॉम होम, पीएम मोदी की अपील के बाद उठाया कदम

पश्चिम एशिया संकट और ईंधन बचत की अपील के बीच मारुति सुजुकी ने कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम लागू किया है। कंपनी ने विदेशी यात्राएं घटाने, ऑनलाइन मीटिंग बढ़ाने और ऊर्जा बचत जैसे कई कदम उठाने का फैसला किया है।

अपडेटेड May 26, 2026 पर 6:21 PM
Story continues below Advertisement
मंगलवार (26 मई) को Maruti Suzuki India का शेयर BSE पर 72 रुपये यानी 0.55% की बढ़त के साथ 13,242.70 रुपये पर बंद हुआ।

देश की सबसे बड़ी कार कंपनी Maruti Suzuki India ने कर्मचारियों के लिए वर्क फ्रॉम होम (WFH) लागू करने का फैसला किया है। कंपनी ने कहा है कि जहां कामकाज प्रभावित नहीं होता, वहां कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दी गई है। मारुति ने यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोविड काल जैसी कुछ बचत वाली आदतें अपनाने की अपील के बाद लिया है।

कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि वह प्रधानमंत्री की सादगी अपनाने की अपील और पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के लंबे असर को कम करने की जरूरत को गंभीरता से ले रही है।

ईंधन और विदेशी मुद्रा बचाने पर जोर


मारुति सुजुकी का कहना है कि संकट का समय हो या सामान्य स्थिति, किसी भी कंपनी को अपना कारोबार सबसे प्रभावी और कुशल तरीके से चलाना चाहिए। इसके लिए पेट्रोलियम उत्पादों की खपत और विदेशी मुद्रा खर्च को जहां तक संभव हो कम करना जरूरी है।

कंपनी ने कहा कि मौजूदा हालात सभी प्रक्रियाओं की दोबारा समीक्षा करने और कामकाज को ज्यादा बेहतर बनाने का अवसर भी देते हैं। इससे राष्ट्रीय हितों के साथ-साथ कंपनी के कारोबार को भी फायदा होगा।

कर्मचारियों और बिजनेस पार्टनर्स को दिए निर्देश

मारुति ने बताया कि प्रबंधन ने कर्मचारियों और बिजनेस पार्टनर्स के लिए कई जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनमें यात्रा कम करना और ऊर्जा की बचत को प्राथमिकता देना शामिल है।

मारुति सुजुकी ने कहा कि विदेश यात्राएं केवल बेहद जरूरी कारोबारी जरूरत होने पर ही की जाएंगी। जहां मुमकिन होगा, वहां ऑनलाइन मीटिंग्स को प्राथमिकता दी जाएगी। घरेलू यात्राओं को भी कम से कम रखने की कोशिश की जाएगी।

कारपूल और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा

कंपनी कर्मचारियों को साझा वाहन (कारपूल) और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने के लिए भी प्रोत्साहित कर रही है। कंपनी का मानना है कि इससे ईंधन की खपत कम होगी और संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा।

मारुति सुजुकी ने कहा कि दफ्तरों और घरों दोनों जगह बिजली की बचत को प्राथमिकता दी जाएगी। कर्मचारियों से जरूरत के मुताबिक AC, पंखे और लाइट का इस्तेमाल करने को कहा गया है, ताकि ऊर्जा की खपत कम की जा सके।

मंगलवार (26 मई) को Maruti Suzuki India का शेयर BSE पर 72 रुपये यानी 0.55% की बढ़त के साथ 13,242.70 रुपये पर बंद हुआ।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।