स्मॉलकैप-मिडकैप शेयरों में भी कोहराम, 3% तक टूटे इंडेक्स, Bharat Forge और Laurus Labs में भारी गिरावट

Mid, Smallcap Stocks: मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में आज 4 अप्रैल को भारी गिरावट देखने को मिली। दोनों इंडेक्स कारोबार के दौरान 3 प्रतिशत तक गिर गए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत समेत दुनिया के कई देशों पर रेसिप्रोकल टैरिफ का ऐलान किया है। इससे ग्लोबल ट्रेड वार शुरू होने की आशंका बढ़ गई है, जिससे निवेशक सहमे हुए हैं

अपडेटेड Apr 04, 2025 पर 2:21 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Mid, Smallcap Stocks: हिंदुस्तान कॉपर और अनंत राज के शेयर क्रमशः 7.19% और 5.41% तक गिर गए

Mid, Smallcap Stocks: मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में आज 4 अप्रैल को भारी गिरावट देखने को मिली। दोनों इंडेक्स कारोबार के दौरान 3 प्रतिशत तक गिर गए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत समेत दुनिया के कई देशों पर रेसिप्रोकल टैरिफ का ऐलान किया है। इससे ग्लोबल ट्रेड वार शुरू होने की आशंका बढ़ गई है, जिससे निवेशक सहमे हुए हैं। इसके साथ ही मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्सों में पिछले 2 दिनों से जारी तेजी भी थम गई।

निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स कारोबार के दौरान 3% से अधिक टूट गया। वहीं स्मॉलकैप इंडेक्स भी 3.58% तक लुढ़क गया। मिडकैप शेयरों में सबसे अधिक गिरावट भारत फोर्ज (Bharat Forge) में देखने को मिली, जो 8.82% गिरकर 1,018.50 रुपये के स्तर तक पहुंच गया।

इसके अलावा, मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स के शेयर 7.14% गिरकर 2,542 रुपये पर आ गए। बाकी कमजोर प्रदर्शन करने वाले शेयरों में ल्यूपिन, कोफोर्ज और नेशनल एल्युमिनियम कंपनी शामिल थे, जो 6% तक फिसल गए।


ग्लोबल ट्रेड वॉर के कारण अनिश्चितता बनी रहेगी

ग्लोबल ट्रेड वॉर को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ती जा रही है। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वी के विजयकुमार ने कहा, "बाजार में फिलहाल काफी अनिश्चितता बनी हुई है और यह आगे भी जारी रह सकती है। राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रेड वॉर शुरू कर दिया है। अब चीन, यूरोपीय यूनियन और अन्य देशों के जवाबी टैरिफ के कारण यह और भड़क सकता है। इसके चलते आगे भी निवेशकों में असमंजस और घबराहट का माहौल बना रहेगा।"

एनालिस्ट्स के अनुसार, पिछले साल अक्टूबर से दिसंबर तक बाजार में आई बिकवाली का मुख्य कारण विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की बिकवाली और कंपनियों की कमजोर अर्निंग्स थी। हालांकि, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में हालिया गिरावट का मुख्य कारण इनका जरूरत से अधिक ऊंचा वैल्यूएशन था।

Nippon India Mutual Fund के CIO सैलेश राज भान ने कहा, "इन सेक्टर्स में करेक्शन की उम्मीद पहले से थी, क्योंकि वैल्यूएशन काफी अधिक हो गए थे और हाल के तिमाही नतीजे भी उम्मीदों से कमजोर रहे।" उन्होंने कहा कि इस सेगमेंट में अभी भी काफी शेयरों का वैल्यूएशन ऊंचा बना हुआ है और इनमें आगे भी गिरावट आ सकती है।

स्मॉलकैप शेयरों में भी भारी गिरावट

स्मॉलकैप शेयरों में लॉरस लैब्स को सबसे बड़ा झटका लगा, जिसका शेयर 9.5% गिरकर ₹561.50 के स्तर पर आ गया। वहीं, हिंदुस्तान कॉपर और अनंत राज के शेयर क्रमशः 7.19% और 5.41% तक गिर गए। बाजार के जानकारों का मानना है कि अगर ग्लोबल ट्रेड वार और बढ़ता है, तो आने वाले दिनों में बाजार में और अधिक उठापटक देखने को मिल सकती है।

यह भी पढ़ें- शेयर बाजार इन 6 कारणों से क्रैश, सेंसेक्स 820 अंक टूटा, निवेशकों के 8.5 लाख करोड़ रुपये स्वाहा

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।