Q4 Results: सरकारी डिफेंस कंपनी का मुनाफा 39% बढ़ा, डिविडेंड का ऐलान
Q4 Results: सरकारी डिफेंस कंपनी ने मार्च तिमाही में मजबूत नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का मुनाफा 39% बढ़ा है। रिकॉर्ड कारोबार, मजबूत ऑर्डर बुक और डिविडेंड के ऐलान ने निवेशकों का ध्यान खींचा है। जानिए डिटेल।
मिश्र धातु निगम के बोर्ड ने 1.25 रुपये के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है।
Q4 Results: सरकारी डिफेंस कंपनी मिश्र धातु निगम (MIDHANI) ने मार्च तिमाही में मजबूत नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 39% बढ़कर 78 करोड़ रुपये पहुंच गया। यह पिछले साल इसी तिमाही में 56 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा कि रिकॉर्ड तिमाही कारोबार और उत्पादन मूल्य में बढ़ोतरी की वजह से मुनाफे में अच्छी बढ़त देखने को मिली।
रेवेन्यू और EBITDA में बढ़ा
मार्च तिमाही में मिश्र धातु का रेवेन्यू 34.7% बढ़कर 553 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 410.5 करोड़ रुपये था।
वहीं EBITDA 25% बढ़कर 117 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल 93.3 करोड़ रुपये था। हालांकि EBITDA मार्जिन 23% से घटकर 21% रह गया। इससे संकेत मिलता है कि लागत का दबाव कुछ बढ़ा है।
तिमाही में रिकॉर्ड कारोबार
मिश्र धातु ने बताया कि जनवरी-मार्च तिमाही में उसने अब तक का सबसे ज्यादा तिमाही कारोबार दर्ज किया। इस दौरान कारोबार 552.75 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के 410.56 करोड़ रुपये के मुकाबले 34.63% ज्यादा है।
वैल्यू ऑफ प्रोडक्शन (VoP) भी 19.15% बढ़कर 392.19 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी अवधि में यह 329.16 करोड़ रुपये था। वहीं प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) 38.67% बढ़कर 107 करोड़ रुपये पहुंच गया। यह एक साल पहले 77.16 करोड़ रुपये था।
पूरे साल भी बनाया नया रिकॉर्ड
वित्त वर्ष 2025-26 मिश्र धातु के लिए रिकॉर्ड साल रहा। मिश्र धातु निगम का सालाना कारोबार 12.52% बढ़कर 1,208.63 करोड़ रुपये पहुंच गया। FY25 में यह 1,074.10 करोड़ रुपये था।
सालभर में कंपनी का वैल्यू ऑफ प्रोडक्शन 12.04% बढ़कर 1,193.92 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष में यह 1,065.62 करोड़ रुपये था।
सालाना मुनाफे में भी अच्छी बढ़त
पूरे वित्त वर्ष के दौरान मिश्र धातु का EBITDA 10.69% बढ़कर 275.59 करोड़ रुपये हो गया। FY25 में यह 248.97 करोड़ रुपये था।
वहीं PBT 17.98% बढ़कर 184.09 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी का शुद्ध मुनाफा भी 18.82% बढ़कर 130.79 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष में 110.07 करोड़ रुपये था।
ऑर्डर बुक 2,290 करोड़ रुपये
मिश्र धातु ने बताया कि 1 अप्रैल 2026 तक उसकी ऑर्डर बुक 2,290 करोड़ रुपये की थी। यह आने वाले वर्षों के कारोबार को लेकर अच्छी विजिबिलिटी देती है और बताती है कि कंपनी के पास मजबूत ऑर्डर पाइपलाइन मौजूद है।
₹1.25 प्रति शेयर डिविडेंड
मिश्र धातु निगम के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 1.25 रुपये के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। हालांकि इसके लिए आगामी AGM में शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी।
मिश्र धातु निगम का शेयर शुक्रवार को बीएसई पर 1.11% की बढ़त के साथ 420.65 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक करीब 30 पर्सेंट बढ़ा है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।