Motherson Sumi Wiring Shares: मदरसन सुमी वायरिंग के डिविडेंड के ऐलान पर 21 मार्च के कारोबारी दिन शेयरों में जोरदार तेजी का रुझान दिखा। कंपनी ने हर शेयर पर 0.50 रुपये के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है जिसकी रिकॉर्ड डेट भी फिक्स हो गई है। इस ऐलान पर शेयर बीएसई पर इंट्रा-डे में 3.20 फीसदी उछलकर 54.50 रुपये के भाव पर पहुंच गए। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 2.82 फीसदी की बढ़त के साथ 54.30 रुपये के भाव पर है जो शुक्रवार को इसके शेयरों का बीएसई पर क्लोजिंग प्राइस है।
Motherson Sumi Wiring के डिविडेंड की क्या है रिकॉर्ड डेट?
मदरसन सुमी वायरिंग ने इस वित्त वर्ष 2025 के लिए 0.50 रुपये के अंतरिम डिविडेंड के लिए 28 मार्च 2025 का रिकॉर्ड डेट फिक्स किया है। इससे पहले लगातार तीन वित्त वर्षों के लिए कंपनी ने फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया था। वित्त वर्ष 2022 के लिए कंपनी ने मई 2022 में प्रति शेयर 0.85 रुपये, वित्त वर्ष 2023 के लिए मई 2023 में 0.65 रुपये और वित्त वर्ष 2024 के लिए जुलाई 2024 में 0.80 रुपये के फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया था।
मदरसन सुमी वायरिंग समवर्धन मदरसन इंटरनेशनल और सुमिटोमो वायरिंग सिस्टम्स के बीच का एक ज्वाइंट वेंचर है। ऑटो पार्ट्स बनाने वाली मदरसन सुमी वायरिंग के कारोबारी सेहत की बात करें तो दिसंबर 2024 तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 16.6 फीसदी गिरकर 140 करोड़ रुपये पर आ गया। हालांकि इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 8.8 फीसदी उछलकर 2,300.3 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी के शेयरों की बात करें तो पिछले साल 19 जून 2024 को यह 80.00 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर था। इस रिकॉर्ड हाई से 8 महीने से थोड़े अधिक समय में यह 42 फीसदी से अधिक फिसलकर पिछले महीने 28 फरवरी 2025 को 46.06 रुपये पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। निचले स्तर पर शेयर संभले और करीब 18 फीसदी रिकवर हो चुके हैं लेकिन रिकॉर्ड हाई से अब भी यह 32 फीसदी से अधिक डाउनसाइड है।