लोकसभा चुनावों के नतीजों से पहले रामदेव अग्रवाल का बड़ा बयान आया है। अग्रवाल मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के चेयरमैन एवं को-फाउंडर हैं। मनीकंट्रोल से बातचीत में उन्होंने चुनाव के नतीजों को लेकर अपना अनुमान बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरी बार सरकार बनाने की 99 फीसदी उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ऐसा नहीं होता है तो मार्केट में बड़ी गिरावट आएगी। लोकसभा चुनावों की सातवीं और अंतिम चरण की वोटिंग 1 जून को होगी। उसी दिन शाम में एग्जिट पोल के नतीजे आएंगे। केंद्र में किसकी सरकार बनेगी इसका पता 4 जून को चलेगा, जिस दिन वोटों की गिनती होगी।
NDA की सरकार नहीं बनने पर मार्कट में बड़ी गिरावट
ब्रोकरेज फर्में चुनावों के नतीजों को लेकर अलग-अलग अनुमान लगा रही हैं। उनका मानना है कि अलग-अलग नतीजों का मार्केट पर अलग-अलग तरह से असर पड़ेगा। लेकिन, इस बात को लेकर आम राय दिख रही है कि अगर BJP तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने में नाकाम रहती है तो मार्केट में काफी ज्यादा बिकवाली देखने को मिलेगी। इस बीच, अग्रवाल ने बेंगलुरु में मोतीलाल ओसवाल टावर के उद्घाटन के मौके पर बीते हफ्ते के अंत में कहा, " बाजार में कितनी गिरावट आएगी यह इस बात पर निर्भर करेगा कि NDA कितनी सीटें जीतती है।"
निवेशकों को मार्केट को लेकर न्यूट्रल रहने की सलाह
उन्होंने कहा कि अगर किसी वजह से एनडीए को बहुमत नहीं मिलता है तो यह बाजार के लिए बहुत खराब होगा। इसकी वजह यह है कि मौजूदा पॉलिसी जारी रहने को लेकर उम्मीद काफी बढ़ गई है। हालांकि, उनका मानना है कि चुनावी नतीजे चाहे जो भी रहें निवेशकों को मार्केट को लेकर न्यूट्रल रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा, "मेरे कहने का मतलब यह नहीं है कि आपको बाजार से पैसे निकाल लेने की जरूरत है। मेरा कहना यह है कि अगर आपने 80 फीसदी निवेश किया है तो उसे बढ़ाकर 90 फीसदी करने की जरूरत नहीं है।"
एनडीए की सरकार बनने पर इन स्टॉक्स की चमक बढ़ेगी
अग्रवाल ने कहा कि अगर फिर से एनडीए की सरकार बनती है तो डिफेंस, इंफ्रास्ट्रक्चर और रेलवे स्टॉक्स की चमक बढ़ेगी। उन्होंने कैपिटल मार्केट्स से जुड़े शेयरों, ऑटो, होटल्स और एयरलाइंस कंपनियों के शेयरों के भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई। सेंसेक्स और निफ्टी के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, "अगले पांच साल में सेंसेक्स और निफ्टी दोगुने हो जाएंगे। इस दौरान इंडियन स्टॉक मार्केट्स का बाजार पूंजीकरण भी मौजूदा 5 ट्रिलियन डॉलर से दोगुना हो जाएग।"
यह भी पढ़ें: चुनावी नतीजों को लेकर मार्केट में दो तरह की थ्योरी, जानिए Glenmark Pharma, Astra Microwave और हिंडाल्को में क्या चल रहा
FIIs की खरीदारी करने पर Nifty 25,000 पर पहुंच जाएगा
विदेशी फंडों की बिकवाली के बारे में पूछने पर अग्रवाल ने कहा कि उनका मानना है कि अब भी वे एक बड़ी ताकत हैं। विदेशी निवेशक मई में इंडियन मार्केट में 22,000 करोड़ रुपये से ज्यादा बिकवाली कर चुके हैं। उन्होंने कहा, "विदेशी निवेशकों ने तब बिकवाली की, जब निफ्टी 17,000-18,000 पर था। अब उनके लिए बाजार में एंट्री आसान नहीं है। अगर वे एंट्री करना चाहें तो काफी हाई लेवल पर करनी होगी। मान लीजिए अगर वे 30-40 अरब डॉलर की खरीदारी करते हैं तो इसका मतलब है कि निफ्टी 25,000 के लेवल पर पहुंच जाएगा।"