पिछले हफ्ते इन शेयरों में सबसे अधिक उतार-चढ़ाव, कमजोर रूझानों के बावजूद इस स्टॉक में 13% की उछाल
वैश्विक स्तर पर कमजोर रूझानों के चलते लगातार दूसरे कारोबारी हफ्ते घरेलू मार्केट में बिकवाली रही और घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) गिरावट के साथ बंद हुए
MoneyControl News
अपडेटेड Sep 25, 2022 पर 5:19 PM
इंडिविजुअल स्टॉक्स की बात करें तो पिछले हफ्ते इनमें मिला-जुला रूझान रहा। कुछ स्टॉक्स में 13 फीसदी तक की तेजी रही तो कुछ में 14 फीसदी तक की गिरावट।
वैश्विक स्तर पर कमजोर रूझानों के चलते लगातार दूसरे कारोबारी हफ्ते घरेलू मार्केट में बिकवाली रही और घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) गिरावट के साथ बंद हुए। मजबूत डॉलर, रुपये की रिकॉर्ड कमजोरी, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और अमेरिकी फेड और बैंक ऑफ इंग्लैंड द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी से बाजार पर निगेटिव असर दिखा।
23 सितंबर को समाप्त होने वाले पिछले कारोबारी सप्ताह में सेंसेक्स 741.87 अंकों यानी 1.26 फीसदी की गिरावट के साथ 58,098.92 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 203.55 प्वाइंट्स की गिरावट के साथ 17,327.30 पर बंद हुआ है। इंडिविजुअल स्टॉक्स की बात करें तो इनमें मिला-जुला रूझान रहा। कुछ स्टॉक्स में 13 फीसदी तक की तेजी रही तो कुछ में 14 फीसदी तक की गिरावट।
केंद्रीय बैंक आरबीआई (RBI) ने महिंद्रा फाइनेंस को लोन रिकवरी या रीपजेशन एक्टिविटी के लिए आउटसोर्सिंग करने पर रोक लगा दिया है। इस रोक के बाद अब एनबीएफसी एमएंडएम फाइनेंशियल सर्विसेज अब लोन रिकवरी या रीपजेशन के लिए सिर्फ अपने कर्मियों के जरिए ही आगे बढ़ सकती है। इसके चलते महिंद्रा फाइनेंस के शेयर करीब 14 फीसदी टूट गए।
सुप्रीम कोर्ट ने 22 सितंबर को फोर्टिस हेल्थकेयर के लिए मलेशिया के लिए आईएचएच के ओपन ऑफर को जस का तस बनाए रखा है। इस फैसले के बाद फोर्टिस के शेयरों में भारी बिकवाली शुरू हो गई। इसके शेयरों में 11 फीसदी की गिरावट आई है। कोर्ट ने एग्जेक्यूटिंग कोर्ट के लिए कहा है जो फोर्टिस-आईएचएच डील में लेन-देन की फोरेंसिक ऑडिट करेगी।
Welspun Corp: मौजूदा भाव- 280.90 रुपये
पिछले हफ्ते कमजोर मार्केट में भी पाइप बनाने वाली दिग्गज कंपनी वेलस्पन कॉर्प में खरीदारी रही और इसके भाव 13 फीसदी से भी अधिक मजबूत हुए। कंपनी और इसकी इकाई नौयान शिपयार्ड ने 659 करोड़ रुपये में एबीजी शिपयार्ड की कुछ संपत्तियों को खरीद लिया है। एबीजी शिपयार्ड दिवालिया प्रक्रिया से गुजर रही है। इसी प्रक्रिया के तहत वेलस्पन और इसकी इकाई ने खरीदारी की है।
PAGE Industries: मौजूदा भाव- 53078.15 रुपये
कंज्यूमर खपत में तेजी और फैशन और ब्रांड को लेकर बढ़ते आकर्षण के चलते पेज इंडस्ट्रीज के शेयरों में 8 फीसदी की तेजी रही। कंपनी का अनुमान है कि शहरों में औरतों की बढ़ती संख्या और कंपनियों में उनकी बढ़ती संख्या से कारोबारी ग्रोथ के मजबूत संकेत मिल रहे हैं।
पिछले हफ्ते हिंदुस्तान यूनीलीवर (HUL) के शेयर पिछले हफ्ते करीब 6 फीसदी मजबूत हुए हैं। एफएमसीजी कंपनियां सप्लाई चेन को बढ़ाकर, मार्केटिंग कैंपेन में निवेश और नए पैक के जरिए अपना कारोबार बढ़ा रही है। इसके अलावा कंपनी के मैनेजमेंट का अनुमान है कि गांवों से भी मांग बेहतर होने वाली है।
KRBL: मौजूदा भाव- 373.20 रुपये
केयर रेटिंग्स ने कंपनी कॉमर्शियल पेपर लिमिट्स पर इसे केयर ए1+ रेटिंग दी जिसके बाद केआरबीएल के शेयर करीब 6 फीसदी उछल गए।
Delta Corp: मौजूदा भाव- 209.55 रुपये
डेल्टा कॉर्प को दमन में कैसिनो के लिए लाइसेंस नहीं मिला है। इसका खुलासा होने पर इसके शेयर करीब सात फीसदी टूट गए। 16 सितंबर को कंपनी ने शेयर बाजारों को जानकारी दी थी कि दमन एंड दीव में कैसिनो का लाइसेंस मिलने की खबर सही नहीं है, जैसा कि कई रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया की पोस्ट्स में दावा किया जा रहा है।
पिछले हफ्ते त्रिवेणी इंजीनियरिंग के शेयर 6 फीसदी से अधिक टूट गए। त्रिवेणी इंजीनियरिंग ने इंडस्ट्रियन ट्रिब्यून बनाने वाली अपनी इंडस्ट्रियल इकाई त्रिवेणी ट्रिब्यून में 11.85 फीसदी हिस्सेदारी बेचने के लिए ब्लॉक डील लॉन्च किया है। इसके तहत कंपनी की योजना 875 करोड़ रुपये जुटाने की है। ब्लॉक डील के तहत 226.5-229 रुपये के भाव पर 3.82 करोड़ शेयरों की बिक्री होगी।