Muhurat Trading: दिवाली पर शेयर बाजार में बरसा धन, बस एक घंटे में ₹2.23 लाख करोड़ बढ़ गई संपत्ति

Muhurat Trading Update: दिवाली का दिन शेयर बाजार के निवेशकों के लिए शुभ रहा। नए संवत 2080 की शुरुआत के मौके पर शेयर बाजार में रविवार शाम 6:15 बजे से 7:15 बजे तक, एक घंटे के लिए मुहूर्त कारोबार का आयोजन किया। इस एक घंटे में ही निवेशकों ने करीब 2.23 लाख करोड़ का फायदा हो गया

अपडेटेड Nov 12, 2023 पर 7:56 PM
BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप आज बढकर 322.52 लाख करोड़ रुपये हो गया

Muhurat Trading Update: दिवाली का दिन शेयर बाजार के निवेशकों के लिए शुभ रहा। नए संवत 2080 की शुरुआत के मौके पर शेयर बाजार में रविवार शाम 6:15 बजे से 7:15 बजे तक, एक घंटे के लिए मुहूर्त कारोबार का आयोजन किया। इस एक घंटे में ही निवेशकों ने करीब 2.23 लाख करोड़ का फायदा हो गया। सेंसेक्स जहां 354 अंक चढ़ गया। वहीं निफ्टी बढ़कर 19,500 के पार पहुंच गया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जोरदार खरीदारी रही। वहीं सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में बंद हुए।

कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 354.77 अंक या 0.55% की तेजी के साथ 65,259.45 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी (Nifty) 100.20 अंक या 0.52% चढ़कर 19,525.55 के स्तर पर बंद हुआ।

निवेशकों की संपत्ति ₹2.23 लाख करोड़ बढ़ी

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 12 नवंबर को बढ़कर 322.52 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 10 नवंबर को 320.29 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 2.23 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की वेल्थ में करीब 2.23 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।


सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर

मुहूर्त ट्रेडिंग के दिन सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें भी इंफोसिस (Infosys) के शेयरों में सबसे अधिक 1.48 फीसदी की तेजी रही। वहीं विप्रो (Wipro), एनटीपीसी (NTPC), एशियन पेंट्स (Asian Paints) और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के शेयर करीब 0.77% से लेकर 0.96% तक की तेजी के साथ बंद हुए।

यह भी पढ़ें- "बाजार में रहेंगे, तभी पैसा बनेंगे", दिग्गज निवेशक रमेश दमानी से जानें स्टॉक्स से मोटी कमाई का मंत्र

सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर

वहीं सेंसेक्स के सिर्फ 2 शेयर ही आज लाल निशान में यानी गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी सन फार्मा (Sun Pharma) के शेयरों में सबसे अधिक 0.06% की गिरावट रही। वहीं अल्ट्राटेक सीमेंट (UltraTech Cement) का शेयर 0.05 फीसदी फिसलकर बंद हुआ।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

sensexstock

2,899 शेयरों में रही तेजी

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 3,713 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,899 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं 696 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 118 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 269 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 21 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

sensextrade

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।