दिग्गज निवेशक और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के सदस्य रमेश दमानी (Ramesh Damani) का मानना है कि इंडेक्स में अगला 1,000-2,000 अंकों का उछाल कब आएगा, इसकी भविष्यवाणी करना मुश्किल है। हालांकि यह जरूर है बाजार के यहां से ऊपर जाने की संभावना काफी मजबूत है, बजाय इसके नीचे जाने की। दमानी ने संवत 2080 के लिए मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र के मौके पर CNBC-TV18 के साथ एक बातचीत में कहा, "पिछले 30 सालों में मैंने जो चीज सीखी है, वो यह है कि हमेशा अच्छे क्वालिटी वाले स्टॉक्स में निवेशित रहना है और बाजार में आने वाले उतार-चढ़ाव के बारे में चिंता नहीं करना है। यह बाजार का एक हिस्सा है।"
उन्होंने कहा, "मेरा मंत्र हमेशा एक ही रहा है। अच्छी क्वालिटी वाले स्टॉक्स खरीदें और उस पर टिके रहें। उतार-चढ़ाव के दौरान निवेश को बनाए रखें क्योंकि इनवेस्टमेंट प्रक्रिया का एक हिस्सा है और आप इससे चाहकर भी बच नहीं सकते हैं।"
दमानी ने कहा कि भू-राजनीतिक तनाव और भारत में आगामी लोकसभा चुनावों के कारण बाजार में अस्थिरता आ सकता है। हालांकि लंबी अवधि में बाजार का अगला 20% निश्चित रूप से ऊपर की ओर होने की संभावना अधिक है।
दमानी ने कहा, ''मेरा मानना है कि ब्याज दरें ऊंची होने के बावजूद भारत बाकी उभरते देशों की तुलना में अच्छी स्थिति में है। हमारी अर्थव्यवस्था भी बाकी उभरते बाजारों की तुलना में काफी तेज गति से बढ़ रही है।'' उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से थोड़ी ऊंची ब्याज दर वाली व्यवस्था का आदी है।
विदेशी निवेशकों ने पिछले कुछ महीनों से भारतीय शेयर बाजार से शुद्ध रूप से पैसे निकाले हैं। हालांकि रमेश दमानी को उम्मीद है कि संवत 2080 में यह ट्रेंड पलटेगा और विदेशी निवेशक भारत के बेहतर प्रदर्शन का लाभ उठाने के लिए यहां वापस आएंगे।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।