Multibagger stock: राठी स्टील एंड पावर (Rathi Steel and Power) की प्रमोटर पीसीआर होल्डिंग्स (पूर्व नाम अर्चित सिक्योरिटीज) ने कंपनी में अतिरिक्त हिस्सेदारी का अधिग्रहण पूरा कर लिया है। इसका असर आज राठी स्टील एंड पावर के शेयरों पर दिख सकता है। पिछले पांच साल में इसने करीब 664 फीसदी रिटर्न दिया है यानी कि निवेशकों की पूंजी 7 गुना से अधिक बढ़ी है। फिलहाल बीएसई पर यह 29.69 रुपये के भाव पर है जो शुक्रवार 21 मार्च को इसका क्लोजिंग प्राइस है। इस साल राठी स्टील एंड पावर के शेयर करीब 26 फीसदी कमजोर हुए हैं।
Rathi Steel and Power में कितनी बढ़ी PCR Holdings की होल्डिंग्स
राठी स्टील एंड पावर ने एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी है कि पीसीआर होल्डिंग्स ने ओपन मार्केट से ₹85,06,30,030 रुपये में कंपनी के 45 हजार शेयर खरीदे हैं और इसकी हिस्सेदारी 0.21 फीसदी बढ़ गई है। दिसंबर 2024 के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के हिसाब से कंपनी में प्रमोटर्स की 40.32% और विदेशी निवेशकों की 8.94 फीसदी हिस्सेदारी है। वहीं अर्चित सिक्योरिटीज (अब पीसीआर होल्डिंग्स) की हिस्सेदारी 25.20 फीसदी थी।
राठी स्टील एंड पावर को दिसंबर तिमाही में करारा झटका लगा। दिसंबर तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा तिमाही आधार पर 6.94 करोड़ रुपये से 92.36 फीसदी गिरकर 0.53 करोड़ रुपये पर आ गया। इस दौरान रेवेन्यू भी 14 फीसदी टूटकर 104.43 करोड़ रुपये पर आ गया। कंपनी के पास उत्तर प्रदेश में 2 लाख टन का स्टील प्लांट है। अब शेयरों की बात करें तो पिछले साल 30 जुलाई 2024 को यह एक साल के हाई 97.81 रुपये से 7 महीने में यह करीब 75 फीसदी टूटकर 3 मार्च 2025 को एक साल के निचले स्तर 24.50 रुपये पर आ गया। इस निचले स्तर पर शेयर संभले और 25 फीसदी से अधिक रिकवर हो चुका है लेकिन अब भी एक साल के हाई से यह करीब 69 फीसदी डाउनसाइड है। 7 जुलाई 2023 को 4 रुपये के भाव पर मिलने वाला यह शेयर पिछले साल जुलाई 2024 में हाई लेवल पर निवेशकों का पैसा 24 गुना से अधिक बढ़ा दिया था।