शेयर बाजार में कौन सा शेयर कब किसकी जेब भर दे, कहा नहीं जा सकता। कभी-कभी भारी गुंजाइश वाला शेयर फ्लॉप हो जाता है तो कभी फ्लॉप लगने वाला शेयर मोटा रिटर्न दे जाता है। वहीं ऐसे भी कई शेयर हैं, जो लाइमलाइट में कम रहते हैं लेकिन रिटर्न भर-भर कर देते हैं। ऐसा ही एक स्टॉक है Dynacons Systems & Solutions Limited। इस आईटी कंपनी के स्टॉक ने 10 साल में 26000 प्रतिशत का रिटर्न दिया है और निवेशकों को करोड़पति बना दिया है। Dynacons Systems & Solutions Limited के शेयर की कीमत बीएसई पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक 1 नवंबर 2013 को 2.66 रुपये थी। वहीं 1 नवंबर 2023 को कीमत 694.45 रुपये पर थी। इस तरह पिछले 10 वर्षों में शेयर ने 26000 प्रतिशत की ग्रोथ देखी।
ऐसे में अगर किसी ने 10 साल पहले इस स्टॉक में 1 लाख रुपये लगाए होंगे और शेयर आज तक अपने पास रखा होगा तो पैसा बढ़कर 2.61 करोड़ रुपये हो गया होगा। वहीं अगर किसी ने 50000 रुपये लगाए होंगे तो अमाउंट बढ़कर 1.30 करोड़ रुपये हो गया होगा।
1 साल में 145 प्रतिशत उछला
Dynacons Systems & Solutions Limited का शेयर पिछले एक साल में शेयर करीब 145 प्रतिशत चढ़ा है। वहीं 6 माह में 70 प्रतिशत से ज्यादा की ग्रोथ देखी है। शुक्रवार 3 नवंबर को यह बीएसई पर 663.35 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी 1995 में शुरू हुई थी और इसकी पूरे भारत में मौजूदगी है।
कंपनी की वित्तीय स्थिति कैसी
जहां तक वित्तीय स्थिति की बात है तो जुलाई-सितंबर 2023 तिमाही में Dynacons Systems & Solutions Limited की कंसोलिडेटेड शुद्ध बिक्री 219.86 करोड़ रुपये की रही, जो एक साल पहले की 246.17 करोड़ रुपये की बिक्री से 10.69% कम है। शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 38.38% बढ़कर 12.57 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले सितंबर तिमाही में मुनाफा 9.09 करोड़ रुपये था। कंपनी का EBITDA सितंबर तिमाही में 19.74 करोड़ रुपये रहा, जो सितंबर 2022 तिमाही में 15.30 करोड़ रुपये के EBITDA से 29.02% कम है। कंपनी का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2022-23 में 804.15 करोड़ रुपये रहा था। वहीं शुद्ध मुनाफा 33.38 करोड़ रुपये रहा था।
क्या सर्विसेज देती है कंपनी
सितंबर 2023 को समाप्त तिमाही के लिए उपलब्ध ताजा शेयरहोल्डिंग डेटा के अनुसार, कंपनी में प्रमोटरों के पास 61.10 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसके बाद सार्वजनिक (खुदरा) निवेशकों के पास कंपनी में शेष 38.90 प्रतिशत हिस्सेदारी है। Dynacons Systems & Solutions Limited एंड-टू-एंड टेक्नोलॉजी और टेक्नोलॉजी संबंधी सर्विसेज मुहैया कराती है। कंपनी आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर से संबंधित विभिन्न गतिविधियों से जुड़ी है, जिनमें बड़े नेटवर्क का टर्नकी सिस्टम इंटीग्रेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर डिजाइन, परामर्श सेवाएं और डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं।