Multibagger Stock: हाउसिंग फाइनेंस सेक्टर की दिग्गज कंपनी कैन फिन होम्स (Can Fin Homes) के शेयर इस साल 2 फीसदी से अधिक टूटे हैं। हालांकि आज बाजार के मजबूत सेंटिमेंट के बीच यह एक फीसदी से अधिक मजबूत हुआ है और लॉन्ग टर्म में तो इसने निवेशकों को करोड़पति बना दिया है। मार्केट एक्सपर्ट्स इसमें आगे भी तेजी की उम्मीद कर रहे हैं। मौजूदा भाव पर निवेश कर 31 फीसदी मुनाफा कमा सकते हैं। इसके शेयर आज बीएसई पर 1.35 फीसदी के उछाल के साथ 533.40 रुपये के भाव (Can Fin Homes Share Price) पर बंद हुए हैं। इसका फुल मार्केट कैप 7,102.44 करोड़ रुपये है।
20 साल में बना दिया करोड़पति
कैन फिन होम्स के शेयर 7 फरवरी 2003 को 4.88 रुपये के भाव पर थे। अब यह 121815 फीसदी उछलकर 533.40 रुपये के भाव पर पहुंच गया है यानी कि उस समय इसमें लगाए हुए एक लाख रुपये 20 साल बाद 1.09 करोड़ रुपये की पूंजी बन गई है। पिछले साल 7 अप्रैल 2022 को यह 685 रुपये के भाव पर था जो एक साल का रिकॉर्ड ऊंचा स्तर है। इसके बाद दो ही महीने में यह 40 फीसदी टूटकर 20 जून 2022 को 408 रुपये के भाव पर आ गया। यह 52 हफ्ते का रिकॉर्ड निचला स्तर है। फिर इसमें खरीदारी का रुझान लौटा और अब तक यह 31 फीसदी रिकवर हो चुका है लेकिन अभी भी यह एक साल के हाई से 22 फीसदी डिस्काउंट पर है।
अब Can Fin Homes में आगे क्या है रुझान
घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के एनालिस्ट्स के मुताबिक अपने घर की मांग बढ़ने, अफोर्डेबिलिटी में सुधार, प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए सरकारी सपोर्ट और देश में मार्गेज की कम हिस्सेदारी के चलते हाउसिंग फाइनेंस सेग्मेंट में ग्रोथ के मजबूत आसार हैं। वहीं कैन फिन होम्स टियर-2 और टियर-3 शहरों में फोकस कर रही जहां प्रतियोगिता थोड़ी कम है। ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक लगातार कारोबारी ग्रोथ के साथ-साथ लागत कम करने और मजबूत अंडरराइटिंग पर फोकस का पॉजिटिव इफेक्ट कमाई और रिटर्न रेशियो पर दिखेगा।
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के मुताबिक वित्त वर्ष 2022-25 में इसकी कमाई 17 फीसदी की सीएजीआर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ सकती है। इन सब बातों को देखते हुए आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने इसे 625 रुपये के टारगेट प्राइस पर खरीदारी की रेटिंग दी है। हालांकि एक और ब्रोकरेज फर्म प्रभुदास लीलाधर ने टारगेट प्राइस 700 रुपये पर फिक्स किया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।