Mutual Fund Industry : म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) नवंबर, 2022 में पहली बार 40 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया। हालांकि, इक्विटी म्यूचुअल फंड में नेट कैपिटल इनफ्लो में कमी के बावजूद ऐसा संभव हुआ है। नवंबर में मासिक आधार पर ओपन एंडेड इक्विटी फंड्स में निवेश 76 फीसदी घटकर 2,258 करोड़ रुपये रह गया। हालांकि, इक्विटी फंड में मार्च, 2021 के बाद पिछले 21 महीने से इनफ्लो पॉजिटिव बना हुआ है, लेकिन इस दौरान नवंबर, 2022 में यह अपने निचले स्तर पर पहुंच गया। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (Amfi) के 9 नवंबर को जारी डेटा से यह बात सामने आई है।
SIP इनवेस्टमेंट लाइफटाइम हाई पर
एम्फी के डेटा के मुताबिक, सिस्टमैटिक इनवेस्टमेंट प्लान्स (SIPs) के जरिये निवेश 13,307 करोड़ रुपये के लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया। एसआईपी बुक पहली बार अक्टूबर, 2022 में 13,000 करोड़ रुपये से ज्यादा हुई थी।
एलकेपी सिक्योरिटीज के हेड (रिसर्च) एस रंगनाथन ने कहा, भारत इस साल डॉलर टर्म में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला बड़ा बाजार है। एफआईआई प्रॉफिट बुक कर रहे हैं, लेकिन एसआईपी के जरिये डॉमेस्टिक फ्लो से यह लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया है। इससे पिछले एक साल से ज्यादा समय से निवेशकों के भरोसे का पता चलता है।
कितना हुआ इंडस्ट्री का एयूएम
एम्फी के आंकड़ों के अनुसार, कुल मिलाकर म्यूचुअल फंड उद्योग में नवंबर महीने में नेट इनफ्लो 13,263 करोड़ रुपये रहा। यह इससे पहले, अक्टूबर में 14,045 करोड़ रुपये के मुकाबले थोड़ा कम है।
म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का एयूएम नवंबर में बढ़कर 40.37 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया, जो अक्टूबर में 39.50 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर था। दूसरी तरफ, अक्टूबर के 39.53 लाख करोड़ रुपये की तुलना में औसत एयूएम 40.49 लाख करोड़ रुपये हो गया।