दिग्गज नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC) इंडोस्टार कैपिटल फाइनेंस (IndoStar Capital Finance) के शेयर आज टूटकर लोअर सर्किट पर आ गए। इसके शेयर एक दिन पहले ग्रीन जोन में बंद हुए थे लेकिन आज यह पांच फीसदी फिसलकर 117 रुपये (IndoStar Finance Share Price) पर आ गया। एक दिन पहले 2 मई को एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने ऑफर फॉर सेल (OFS) का ऐलान किया था और इसके लिए 95 रुपये का भाव तय किया गया। यह 2 मई के क्लोजिंग प्राइस 123.15 रुपये से 22.86 फीसदी डिस्काउंट पर है जिसके कारण आज इसके शेयरों का कोई भी खरीदार मार्केट में नहीं है।
IndoStar Capital Finance के OFS की डिटेल्स
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी थी कि प्रमोटर इंडोस्टार कैपिटल औ एवरस्टोन कैपिटल पार्टनर्स 2 एलएलसी 1,93,40,000 इक्विटी शेयरों की 95 रुपये के भाव पर बिक्री कर रहे हैं जो कंपनी में 14.21 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। यह ऑफर फॉर सेल दो दिनों का है। पहले दिन यानी आज यह नॉन-रिटेल इनवेस्टर्स के लिए खुला है और कल यानी 4 मई को खुदरा निवेशकों के लिए खुलेगा। इश्यू का 10 फीसदी हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है लेकिन अगर उनके हिस्सा का शेयर बचा रह जाता है तो इसे नॉन-रिटेल इनवेस्टर्स सब्सक्राइब कर सकेंगे। 25 फीसदी म्यूचुअल फंडों और इंश्योरेंस कंपनियों का है। इस प्रोसेस में मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज सेलिंग ब्रोकर है और बीएसई स्टॉक एक्सचेंज है।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
इंडोस्टार कैपिटल एक एनबीएफसी है। यह कॉरपोरेट को, ट्रांसपोर्टर्स को नई-पुरानी गाड़ियों के लिए और घर के लिए लोन मुहैया कराती है। मार्च 2023 के आंकड़ों के मुताबिक इसमें प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 89.21 फीसदी है। वहीं इसके वित्तीय सेहत की बात करें तो अक्टूबर-दिसंबर 2022 में इसे 237.20 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हुआ जो एक तिमाही पहले यानी जुलाई-सितंबर 2022 में लगभग इतना ही 237.20 करोड़ रुपये पर था। हालांकि इसका प्रॉफिट समान अवधि में 38.17 करोड़ रुपये से घटकर 31.10 करोड़ रुपये पर आ गया।