Data Center Stock: 15% उछला डेटा सेंटर कंपनी का मल्टीबैगर स्टॉक, AI पर आई बड़ी खबर का दिखा असर
Data Center Stock: महाराष्ट्र में AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 2,000 GPU उपलब्ध कराने की योजना से नेटवेब टेक्नोलॉजीज के शेयर में जोरदार तेजी आई। मजबूत ऑर्डर बुक, CRISIL रेटिंग अपग्रेड और AI इंफ्रास्ट्रक्चर की बढ़ती मांग ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया।
शुक्रवार को नेटवेब टेक्नोलॉजीज का शेयर 13.68% की तेजी के साथ 4,629 रुपये पर बंद हुआ।
Data Center Stock: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की एक घोषणा ने शुक्रवार को नेटवेब टेक्नोलॉजीज के शेयरों में जोरदार तेजी ला दी। मुंबई में छह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने और AI कंप्यूटिंग की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए 2,000 GPU उपलब्ध कराने की योजना के बाद कंपनी के शेयर 15% तक उछल गए।
बाजार का मानना है कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग से जुड़ी कंपनियों को इस पहल का सीधा फायदा मिल सकता है और नेटवेब उन कंपनियों में प्रमुख नामों में से एक है।
महाराष्ट्र को डेटा सेंटर हब बनाने की तैयारी
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि AI, डेटा और नई तकनीकों के दम पर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से बढ़ रहा है। उनका मानना है कि आने वाले समय में महाराष्ट्र देश के सबसे बड़े डेटा सेंटर हब में से एक बन सकता है।
यही वजह है कि निवेशकों ने AI और सुपरकंप्यूटिंग सेक्टर से जुड़ी कंपनियों में खरीदारी शुरू कर दी। नेटवेब टेक्नोलॉजीज को इस थीम का बड़ा लाभार्थी माना जा रहा है।
CRISIL ने भी बढ़ाया भरोसा
शेयर में तेजी की एक और बड़ी वजह हाल ही में मिला क्रेडिट रेटिंग अपग्रेड है। CRISIL रेटिंग्स ने नेटवेब टेक्नोलॉजीज की लॉन्ग-टर्म रेटिंग को 'CRISIL A / Stable' से बढ़ाकर 'CRISIL A+ / Stable' कर दिया है। वहीं कंपनी की शॉर्ट-टर्म रेटिंग को बरकरार रखा गया है।
रेटिंग एजेंसी ने कहा कि कंपनी की ऑर्डर बुक मजबूत है, कारोबार का आकार बढ़ रहा है और जिस सेक्टर में कंपनी काम कर रही है वहां मांग लगातार मजबूत बनी हुई है।
2,098 करोड़ रुपये की ऑर्डर बुक
CRISIL के मुताबिक मार्च 2026 तक कंपनी के पास 2,098 करोड़ रुपये की ऑर्डर बुक थी। इसके अलावा 328 करोड़ रुपये के L1 ऑर्डर भी मौजूद हैं। इससे कंपनी को आने वाले समय में रेवेन्यू को लेकर अच्छी विजिबिलिटी मिलती है।
एजेंसी का मानना है कि हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग, क्लाउड सर्विसेज, डेटा सेंटर और AI इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग लगातार बढ़ रही है। सरकार की डिजिटल योजनाएं और तेजी से बढ़ता डिजिटलीकरण भी इस सेक्टर को मजबूती दे रहे हैं।
कंपनी का कारोबार क्या है?
नेटवेब टेक्नोलॉजीज हाई-एंड कंप्यूटिंग सिस्टम डिजाइन और मैन्युफैक्चर करती है। कंपनी सुपरकंप्यूटर, प्राइवेट क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, AI सिस्टम और एंटरप्राइज कंप्यूटिंग सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है।
कंपनी के टेक्नोलॉजी पार्टनर्स में Nvidia, Samsung, AMD और Intel जैसी दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां शामिल हैं। CRISIL के अनुसार, इन साझेदारियों की वजह से नेटवेब को नई तकनीकों और आने वाले प्रोडक्ट्स की जानकारी काफी पहले मिल जाती है।
शेयर ने दिया शानदार रिटर्न
शुक्रवार को नेटवेब टेक्नोलॉजीज का शेयर 13.68% की तेजी के साथ 4,629 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का शेयर इस साल अब तक करीब 50% चढ़ चुका है। वहीं पिछले 12 महीनों में निवेशकों को लगभग 130% का रिटर्न मिला है। वहीं, बीते 5 साल में इसने 415.22% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।