EV Stocks: ईवी स्टॉक्स यानी इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनियों से जुड़े शेयर। माना जा रहा है कि शेयर बाजार में अगला बड़ा धमाका जिन सेगमेंट के शेयरों में देखने को मिल सकता है, उसमें से एक EV स्टॉक्स हैं। लेकिन आपको कौन सा EV स्टॉक्स सबसे अधिक रिटर्न कमा देगा, यह तय करना इतना आसान नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि इलेक्ट्रिल व्हीकल का बाजार अभी शुरुआती चरण में है। ऐसे में कौन सी कंपनी आगे मार्केट लीडर बनकर लंबे समय तक बाजार में टिकी रहेगी, इसकी सटीक पहचान करना मुश्किल है। तो फिर ऐसी सूरत में कैसे EV शेयरों में निवेश किया जाए और कैसे इससे अधिक से अधिक पैसे बनाए जाएं? इसी को लेकर मनीकंट्रोल ने कोटक महिंद्रा एसेट मैनेजमेंट (Kotak Mahindra Asset Management) के मैनेजिंग डायरेक्टर नीलेश शाह (Nilesh Shah) से बात की।
EV स्टॉक्स से पैसे बनाने का नीलेश शाह ने जो रणनीति बताई है, वो अपने आप में काफी मजेदार है। नीलेश ने कहा कि जैसे कई बार लोगों बसों या ट्रेन के जनरल बोगी में सफर करते समय अपनी सीट पर रूमाल रख देते हैं। सीट पर रूमाल रखने का मतलब होता है कि वो सीट उस व्यक्ति ने रिजर्व कर ली है और अब उसपर कोई दूसरा न बैठे। उसी तरह सभी को EV स्टॉक्स पर भी अपना रुमाल रख देना चाहिए यानी उनमें थोड़ा-थोड़ा निवेश कर देना चाहिए।
नीलेश ने कहा कि इलेक्ट्रिक व्हीकल का पूरा गेम आधुनिक तकनीक और इनोवेशंस का है। भविष्य में कौन सी कंपनी क्या इनोवेशन कर देगी क्या किसी तकनीक का बिल्कुल अलग तरीके से इस्तेमाल कर देगी, इसपर कुछ कहा नहीं जा सकता है। ऐसे में सही तरीका यही है सभी क्वालिटी स्टॉक्स पर अपना रूमाल रख दें, ताकि आप इन शेयरों में तेजी के सफर का आनंद ले सकें।
नीलेश ने कहा कि इलेक्ट्रिक गाड़ियां आगे चलकर भविष्य बनेंगी या नहीं, अभी तो मैं इस बारे में भी कुछ नहीं कह सकता है। लेकिन जो भी भविष्य को ध्यान में रखकर तैयारी कर रही हैं, उनमें कुछ पोजिशन बनाए रखने में खराबी नहीं है।
66.52% की सालाना दर से बढ़ सकता है EV मार्केट
खैर ये तो थी नीलेश शाह की राय, अब जानते हैं कि देश के इलेक्ट्रिक व्हीकल मार्केट का साइज कितना है। भारत के इलेक्ट्रिक व्हीकल मार्केट का साइज 2022 में 3.21 अरब डॉलर था। फॉर्च्यून बिजनेस इनसाइट्स का अनुमान है कि साल 2029 में यह बढ़कर करीब 114 अरब डॉलर हो जाएगा। यानी कि 2029 तक हर साल इलेक्ट्रिक व्हीकल मार्केट में करीब 66.52% की ग्रोथ देखने को मिलेगी। जाहिर सी बात है कि इस सेगमेंट में ग्रोथ के काफी मौके दिख रहे हैं और इलेक्ट्रिक व्हीकल से जुड़े शेयरों पर इसका साफ असर दिख रहा है।
EV स्टॉक्स ने पिछले एक साल में दिया शानदार रिटर्न
अगर आप देखें तो इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली टाटा मोटर्स का शेयर पिछले एक साल में 65% बढ़ा है। इलेक्ट्रिक बस बनाने वाली ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक का शेयर एक साल में 126% बढ़ा है। इलेक्ट्रिक बैटरी बनाने वाली कंपनी एक्साइट इंडस्ट्रीज का शेयर 49% चढ़ा है। ऑटो पार्ट्स बनाने वाली कंपनी JBM ऑटो का शेयर एक साल 130% बढ़ा है। जबिक चार्जिंग स्टेशंस लगा रही कंपनी पावर ग्रिड का शेयर पिछले एक साल में 32% चढ़ा है। ये बताता है कि EV स्टॉक्स में काफी स्कोप है।
प्रमुख EV शेयरों के प्रदर्शन को आप नीचे दिए चार्ट में देख सकते हैं-
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।