NMDC Share Price: लौह अयस्क निकालने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी एनएमडीसी के लिए वित्त वर्ष 2026 की आखिरी तिमाही मिली-जुली रही। एक तरफ इससे अलग होकर बनी लिस्टेड कंपनी एनएमडीसी स्टील (NMDC Steel) को हाई सेल्स के चलते एनएमडीसी का रेवेन्यू मार्च 2026 तिमाही में शानदार रहा तो दूसरी तरफ पेलेट सेल्स में नुकसान के चलते इसका ऑपरेशनल परफॉरमेंस कमजोर रहा। कंपनी ने शुक्रवार को इक्विटी मार्केट का कारोबार बंद होने के बाद नतीजे पेश किए थे। इस नतीजे के बाद इसके शेयरों पर ब्रोकरेजेज का रुझान खरीदारी से अधिक बिकवाली का है। इसके कवर करने वाले 23 एनालिस्ट्स में से 9 ने खरीदारी और चार ने होल्ड रेटिंग दी है तो 10 ने सेल रेटिंग दी है।
शेयरों की बात करें तो नतीजे आने के पहले शुक्रवार को बीएसई पर यह 4.74% की गिरावट के साथ ₹87.90 पर बंद हुआ था। पिछले साल 20 जून 2025 को बीएसई पर यह ₹66.79 के भाव पर था। इस निचले स्तर से 11 महीने में यह 41% से अधिक उछलकर 15 मई 2026 को एक साल के हाई लेवल ₹94.24 पर पहुंच गया।
NMDC के लिए कैसी रही मार्च तिमाही?
मार्च 2026 तिमाही में एनएमडीसी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 35% की रफ्तार से बढ़कर ₹2,020.1 करोड़ और रेवेन्यू 61% उछलकर ₹11,173 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का सेल्स वॉल्यूम भी 21% बढ़कर 15.3 MT पर पहुंच गया। कंपनी का औसतन घरेलू रियलाइजेशन सालाना आधार पर ₹5007 से घटकर ₹4,759 प्रति टन पर आ गया जोकि दिसंबर तिमाही में ₹4,681 प्रति टन पर था।
ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो ऑपरेटिंग प्रॉफिट 29% बढ़कर ₹2,644 करोड़ पर पहुंच गया लेकिन यह घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज के ₹3,090 करोड़ के अनुमान से कम रहा। साथ ही इसका ऑपरेटिंग मार्जिन भी इस दौरान 29.5% से फिसलकर 23.7% पर आ गया। पेलेट और अन्य मिनरल्स के सेगमेंट का ईबीआईटी लॉस इस दौरान ₹10.8 करोड़ से रॉकेट की स्पीड से बढ़कर ₹102.4 करोड़ पर पहुंच गया जबकि दिसंबर 2025 तिमाही में यह ₹177 करोड़ के पॉजिटिव ईबीआईटी में थी।
क्या रुझान है गोल्डमैन का?
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स ने एनएमडीसी को ₹84 के टारगेट प्राइस के साथ सेल रेटिंग दी है। मार्च 2026 तिमाही में एनएमडीसी के हॉट रोल्ड कॉइल (HRC) की बिक्री में तेज उछाल दिखी और कंपनी को ₹2,950 करोड़ का रेवेन्यू हासिल हुआ, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह आंकड़ा ₹102 करोड़ और दिसंबर 2025 तिमाही में ₹740 करोड़ था।
ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक एनएमडीसी के लौह अयस्क सेगमेंट की बिक्री 15.3 MT रही, जो उम्मीद के मुताबिक ही रही लेकिन ब्लेंडेड रियलाइजेशन उसके अनुमान से 4.1% अधिक रहा। कंपनी का प्रति टन लौह अयस्क सेल्स पर EBITDA ₹1,728 रहा, जो गोल्डमैन के ₹1,732 के अनुमान के लगभग बराबर रहा। ब्रोकरेज फर्म ने अपनी रिपोर्ट में यह भी जिक्र किया है कि कंपनी की रिसीवेबल्स सालाना आधार पर 18.8% बढ़कर ₹9,210 करोड़ हो गई जिसकी मुख्य वजह एनएमडीसी स्टील और राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड से बकाया राशि का बढ़ना था।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।