Nykaa Share Price: ब्यूटी प्रोडक्ट बेचने वाली स्टार्टअप नायका (Nykaa) की कंपनी एफएसएन ई-कॉमर्स (FSN E-commerce) के शेयरों में आज बिकवाली की रूझान दिख रहा है। एक दिन पहले इसमें बोनस के ऐलान पर शानदार खरीदारी का रूझान दिखा था और यह इंट्रा-डे में करीब 6 फीसदी उछल गया था। हालांकि उसके बाद फिर बिकवाली शुरू हुई और अभी भी यह संभल नहीं पाया है।
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म बोफा सिक्योरिटीज (Bofa Securities) ने इसमें निवेश के लिए न्यूट्रल रेटिंग बरकरार रखा है। ब्रोकरेज फर्म ने निवेश के लिए 1685 रुपये का टारगेट प्राइस रखा है। अभी यह बीएसई पर 1,264.40 रुपये के भाव पर ट्रेड हो रहा है जबकि कल यह 1300 रुपये के पार पहुंचा था। एक दिन पहले यानी गुरुवार को यह 1283.50 रुपये के भाव पर बंद हुआ था।
बोफा सिक्योरिटीज ने नायका में निवेश के लिए न्यूट्रल रेटिंग को बरकरार रखा है। बोफा के मुताबिक ई-बी2बी तेजी से विस्तार कर रहा है लेकिन महंगाई का इस पर असर दिख रहा है जिसके चलते मार्जिन में सुधार की गति पिछले साल के मुकाबले सुस्त रह सकती है। बोफा के एनालिस्ट्स के मुताबिक कॉस्मेटिक्स कारोबार स्थिर बना हुआ है औऱ मार्जिन सपाट बना हुआ है। ऐसे में ब्रोकरेज हाउस ने इसकी न्यूट्रल रेटिंग को बरकरार रखा है।
Nykaa के शेयरों का इस साल खराब प्रदर्शन
इस साल नायका के शेयरों का प्रदर्शन बाजार के मुकाबले कमजोर रहा है। पिछले एक महीने में यह 7 फीसदी से अधिक गिरा है जबकि सेंसेक्स करीब 2 फीसदी टूटा है। छह महीने की बात करें तो सेंसेक्स 2 फीसदी गिरा है लेकिन नायका 25 फीसदी से अधिक।
इस पूरे साल 2022 में अब तक सेंसेक्स करीब तीन फीसदी कमजोर हुआ है जबकि नायका के शेयर 39 फीसदी से अधिक टूटे हैं। इसके शेयरों ने पिछले साल 26 नवंबर 2021 को 2574 रुपये का रिकॉर्ड हाई लेवल छुआ था और इस साल 12 मई 2022 को यह 1208.40 रुपये के एक साल के निचले स्तर पर फिसल गया था।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
नायका ब्यूटी, वेलनेस, फिटनेस, पर्सनल केयर, हेल्थ केयर, स्किन केयर और हेयर केयर प्रोडक्ट्स को तैयार करती है और इन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बिक्री करती है। इसके अलावा कंपनी के प्रोडक्ट्स की बिक्री फिजिकल स्टोर्स के जरिए भी होती है। कंपनी के शेयरों की पिछले साल 10 नवंबर 2021 को लिस्टिंग हुई थी और 5300 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत निवेशकों को 1125 रुपये के शेयर जारी हुए थे।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।