इलेक्ट्रिक टूव्हीलर मेकर ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के शेयरहोल्डर्स के लिए 25 सितंबर बेहद खराब रहा। दिन में शेयर की कीमत बीएसई पर पिछले बंद भाव से लगभग 9.5 प्रतिशत तक टूटकर 38.50 रुपये के लो तक गई। कंपनी का मार्केट कैप घटकर 17800 करोड़ रुपये पर आ गया है। इससे पहले लगातार 4 कारोबारी सत्रों में शेयर करीब 17 प्रतिशत मजबूत हुआ था। ऐसे में गिरावट की एक वजह मुनाफावसूली मानी जा रही है।
ओला इलेक्ट्रिक का बोर्ड 28 सितंबर को मीटिंग करने वाला है। इस मीटिंग में इक्विटी शेयरों के राइट्स इश्यू के जरिए फंड जुटाने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। प्रपोजल पर अभी रेगुलेटरी मंजूरियां लिया जाना बाकी है। लागू कानूनों के तहत राइट्स इश्यू में सभी पात्र शेयरधारक जैसे कि रिटेल शेयरहोल्डर, इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर और प्रमोटर ग्रुप हिस्सा ले सकते हैं।
ओला इलेक्ट्रिक को पहले 1,500 करोड़ रुपये तक जुटाने की मंजूरी मिली थी। इसमें से 780 करोड़ रुपये जून 2026 में QIP (क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट) के जरिए जुटाए गए थे। इसके बाद कंपनी ने पूंजी जुटाने के लिए राइट्स इश्यू का रास्ता चुना है, और यह प्रस्ताव अभी बोर्ड की मंजूरी का इंतजार कर रहा है। ओला इलेक्ट्रिक में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर ग्रुप के पास 32.97 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Ola Electric का शेयर 6 महीनों में 60 प्रतिशत चढ़ा
ओला इलेक्ट्रिक का शेयर 6 महीनों में 60 प्रतिशत से ज्यादा मजबूत हुआ है। वहीं एक साल पहले के मुकाबले कीमत 30 प्रतिशत नीचे है। शेयर के लिए Citi और Kotak Institutional Equities दोनों ने 'सेल' रेटिंग दी है। सिटी ने 26 और कोटक ने 20 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। गोल्डमैन सैक्स ने 'न्यूट्रल' रेटिंग दी हुई है। टारगेट प्राइस 40 रुपये प्रति शेयर है।
जून तिमाही में घाटे में रही गिरावट
अप्रैल-जून 2026 तिमाही में ओला इलेक्ट्रिक का कंसालिडेटेड शुद्ध घाटा सालाना आधार पर घटकर 336 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले घाटा 428 करोड़ रुपये था। EBITDA लॉस भी 281 करोड़ से घटकर 165 करोड़ रुपये रह गया। ऑपरेशंस से कंसालिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 45 प्रतिशत कम होकर जून 2026 तिमाही में 455 करोड़ रुपये पर आ गया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।